मशहूर लोक गायिका शारदा सिन्हा के निधन पर पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार समेत कई नेताओं ने जताया शोक

मशहूर लोक गायिका शारदा सिन्हा के निधन पर पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार समेत कई नेताओं ने जताया शोक
नई दिल्ली। मशहूर लोक गायिका शारदा सिन्हा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक जताया है। इनके अलावा कई अन्य नेताओं ने भी एक्स हैंडल पर ट्वीट कर शारदा के निधन पर दुख जताया है। एक्स हैंडल पर पीएम मोदी ने लिखा, सुप्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है।
पीएम मोदी ने कहा कि शारदा के गाए मैथिली और भोजपुरी के लोकगीत पिछले कई दशकों से बेहद लोकप्रिय रहे हैं। आस्था के महापर्व छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीतों की गूंज भी सदैव बनी रहेगी। उनका जाना संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं।
वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोक गायिका शारदा सिन्हा के निधन पर बयान जारी किया है। सीएम नीतीश ने कहा कि पद्म श्री और पद्म भूषण से सम्मानित शारदा सिन्हा के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि बिहार कोकिला शारदा सिन्हा मशहूर लोक गायिका थी। उन्होंने मैथिली, बज्जिका, भोजपुरी के अलावे हिन्दी गीत भी गाये थे। उन्होंने कई हिन्दी फिल्मों में भी अपनी मधुर आवाज दी थी।
संगीत जगत में उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने 1991 में पद्मश्री और 2018 में पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित किया था। स्व0 शारदा सिन्हा के छठ महापर्व पर सुरीली आवाज में गाए मधुर गाने बिहार और उत्तर प्रदेश समेत देश के सभी भागों में गूंजा करते हैं। उनके निधन से संगीत के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।