छत्तीसगढ़राजनीति

कांग्रेस शासनकाल में हुए अपने अपमान का बदला सिंहदेव जरूर लेंगे : बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने मंत्री टी.एस. सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर कांग्रेस और प्रदेश सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि केन्द्रीय नेतृत्व के दबाव में टी एस सिंहदेव ने उपमुख्यमंत्री का पद तो मन मसोसकर स्वीकार कर लिया है, पर क्या वह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को स्वीकार कर पाएंगे, जिन्होंने पौने पांच साल के शासनकाल में उन्हें हर मौकों पर अपमानित किया है। बृजमोहन ने कहा कि जो पौने पांच वर्ष तक अपमान के घूंट पीते रहे और जिन्हें अपना एक मंत्रालय तक छोड़ना पड़ा, वह सिंहदेव तब कुछ नहीं कर पाए तो अब बाकी बचे तीन महीनों में क्या खाक कर पाएंगे? उन्होंने कहा कि सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री पद का झुनझुना थमाकर भी कांग्रेस को इससे कोई फायदा नहीं होने वाला है। सिंहदेव ने उपमुख्यमंत्री पद तो स्वीकार किया है, लेकिन पूरे कांग्रेस शासनकाल में मुख्यमंत्री बघेल द्वारा किए गए अपने अपमान का बदला अगले विधानसभा चुनाव में वे जरूर लेंगे।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जिस सरगुजा संभाग से उपमुख्यमंत्री सिंहदेव आते हैं, वहां के पूरे कार्यकर्ता सिंहदेव से इन साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में नाराज हो चुके हैं। उपमुख्यमंत्री पद पर सिंहदेव की नियुक्ति से यह साबित हो गया है कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने भी इस बात को स्वीकार कर लिया है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दागदार हो गए हैं। शराब और कोयला घोटाले में ईडी ने जो जांच की है, उससे साफ है कि मुख्यमंत्री बघेल इसमें शामिल हैं। आने वाले समय में रेत घोटाला, जमीन घोटाला, जंगल घोटाला, धान घोटाला, डीएमएफ घोटाला, ये सब भी सामने आएंगे। इससे यह भी स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री बघेल के सत्ता से जाने का समय आ गया है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button