छत्तीसगढ़

राजधानी के पटाखा कारोबारी की तालाब में मिली लाश, घर से टहलने निकले थे

रायपुर। राजधानी के पटाखा कारोबारी की चरोदा तालाब में लाश मिलने का मामला सामने आया है। रविवार रात घर से टहलने के लिए निकला व्यापारी घर ही नहीं लौटा। सुबह उसकी लाश धरसींवा के चरोदा तालाब में मिली। धरसीवां थाना पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

बताया जा रहा है कि, रायपुरा निवासी 45 वर्षीय राजेश अग्रवाल की तात्यापारा में पटाखे की दुकान है। इसके साथ ही मंदिर हसौद में ऑटोमोबाइल का भी कारोबार है। उनके दो बेटे हैं। राजेश रविवार रात मोपेड लेकर घर से निकले थे। घर वालों को उन्होंने टहलने जाने की बात कही थी। पर वह घंटों बाद भी वापस नहीं आए। इसके बाद घरवालों ने उन्हें फोन किया। पर राजेश का फोन रिसीव नहीं हुआ। परिजन रात भर उन्हें तलाश करते रहे पर उनका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह उनका शव चरोदा के तालाब में मिला। तालाब किनारे उनकी मोपेड खड़ी हुई थी।

राजेश का शव तालाब में डूबा हुआ था। और उनके मोपेड में उनका मोबाइल और पर्स रखा हुआ था। पुलिस ने हत्या से इनकार किया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह का पता चलने की बात कही है। पुलिस को आशंका है कि आर्थिक तंगी के चलते कारोबारी राजेश अग्रवाल ने खुदकुशी की है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button