छत्तीसगढ़

रजत जयंती वर्ष की यादें: भाजपा स्थापना दिवस पर मिला ऐतिहासिक ध्वज आज भी सुरक्षित


धमतरी। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर एक कार्यकर्ता की पुरानी यादें फिर ताजा हो गईं। ग्राम भोथली में 6 अप्रैल 2005 को पार्टी के रजत जयंती वर्ष का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया गया था। उस समय धमतरी मंडल अध्यक्ष रहे दया राम साहू ने उस ऐतिहासिक दिन को याद करते हुए बताया कि पूरे गांव में घर-घर पार्टी का झंडा लगाकर भव्य बाइक रैली निकाली गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए थे।
रैली में पंडित राम अवतार मिश्रा और भूपेंद्र मिश्रा सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक नजर आए। इसके बाद आयोजित मंचीय कार्यक्रम में उस समय के जिला अध्यक्ष कमलेश्वर राव ठोकने शामिल हुए और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान श्री ठोकने ने दया राम साहू को 25 वर्ष पुराना पार्टी का झंडा स्मृति स्वरूप भेंट किया। उन्होंने बताया कि यह झंडा 6 अप्रैल 1980, पार्टी के स्थापना दिवस के दिन उनके पिता कुलेश्वर राव ठोकने द्वारा तैयार किए गए चार झंडों में से एक है, जिसे उन्होंने वर्षों तक संभाल कर रखा था।
दया राम साहू ने बताया कि यह झंडा उनके लिए अमूल्य धरोहर है और पिछले 21 वर्षों से वे इसे सुरक्षित रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का जनसंघ से लेकर आज तक का सफर गौरवपूर्ण रहा है और पार्टी देशभक्ति तथा राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित है।
स्थापना दिवस के अवसर पर उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए पार्टी की निरंतर प्रगति की कामना की।

Author Desk

Related Articles

Back to top button