छत्तीसगढ़

चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक चंद मिनटों में गिरफ्तार, करेलीबड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई


धमतरी। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य मार्ग पर चाकू लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को चंद मिनटों में गिरफ्तार कर बड़ी घटना की आशंका को टाल दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, करेलीबड़ी चौकी पुलिस द्वारा क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम करेलीबड़ी के मजराटोला स्थित बिजली ऑफिस के पास एक युवक धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और गवाहों की उपस्थिति में रेड कार्रवाई की। मौके पर एक युवक हाथ में काले रंग का धारदार चाकू लहराते हुए पाया गया, जिसे तत्काल पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजय साहू पिता नरेन्द्र साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी करेलीबड़ी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 12 इंच लंबाई का स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी उक्त हथियार के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके पर ही चाकू जप्त करते हुए आरोपी के खिलाफ थाना मगरलोड अंतर्गत अपराध क्रमांक 60/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी घटना टल गई और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने करेलीबड़ी पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी की सराहना की है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button