छत्तीसगढ़

सीतानदी टाइगर रिजर्व में अवैध कटाई का भंडाफोड़, लकड़ी तस्करी करते 3 आरोपी गिरफ्तार


धमतरी। वन्यप्राणी रहवास क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई कर लकड़ी का परिवहन करने वाले तीन आरोपियों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गतिविधियों से वन्यप्राणियों के प्राकृतिक आवास को गंभीर नुकसान पहुंच रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) तथा उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के मार्गदर्शन और परिक्षेत्र अधिकारी शैलेश बघेल के नेतृत्व में प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर 11 अप्रैल 2026 की रात गश्त के दौरान कार्रवाई की गई। टीम ने उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के सीतानदी अभ्यारण्य अंतर्गत रिसगांव परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 148, जोरातराई इलाके में बिना अनुमति प्रवेश कर साजा एवं मिश्रित प्रजाति के पेड़ों की अवैध कटाई करते हुए लकड़ी को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर परिवहन करते तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुनश्वर पिता फूलसिंह नेताम, द्वारिका प्रसाद ध्रुव पिता सहसराम और धनंजय पिता विशेश्वर नाग शामिल हैं, जो सभी ग्राम आमाबहार, थाना खल्लारी, तहसील नगरी, जिला धमतरी के निवासी बताए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से ट्रैक्टर क्रमांक CG-05 AL-6275 और लगभग 1.50 घन मीटर अवैध लकड़ी जब्त की गई है।
वन विभाग के अनुसार आरोपियों ने सीतानदी अभ्यारण्य के आरक्षित क्षेत्र में वनकक्ष क्रमांक 155 में भी अवैध कटाई कर लकड़ी इकट्ठा की थी और उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से परिवहन करने का प्रयास किया जा रहा था। इस मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927 तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध पीओआर दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी नगरी ने तीनों आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया, जिसके बाद 13 अप्रैल 2026 को उन्हें जिला जेल धमतरी में दाखिल कराया गया।
इस कार्रवाई में सहायक संचालक सीतानदी भोपाल सिंह राजपूत, परिक्षेत्र अधिकारी रिसगांव शैलेश बघेल, वनरक्षक गिरधर दीवान सहित पेट्रोलिंग दल और फायर वॉचरों का विशेष योगदान रहा।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button