पश्चिम बंगाल की 152 और तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर मतदान, हिंसक झड़प और हंगामे के बीच वोटिंग के लिए जनता में जबरदस्त उत्साह

कोलकाता/चेन्नई। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में आज गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। तमिलनाडु के सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग हो रही है। वहीं, पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर चुनाव जारी है। बाकी के 142 सीटों पर दूसरे चरण में मतदान होगा। दोनों राज्यों में मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह से ही वोटिंग सेंटर्स पर वोटरों की लंबी कतार देखी जा रही है। पश्चिम बंगाल के बेरहामपुर में भी बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों का पहला चरण आज हो रहा है। मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरी शक्ति के साथ भाग लें। मैं विशेष रूप से अपने युवा मित्रों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में मतदान करें। अन्य ‘एक्स’ पोस्ट में तमिलनाडु के मतदाताओं से अपील करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “जैसे-जैसे तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है, मैं सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे लोकतंत्र के इस पवित्र कर्तव्य में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लें। मैं विशेष रूप से तमिलनाडु के युवाओं और महिलाओं से आग्रह करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलें और मतदान करें।”वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के पहले चरण के मतदान को राज्य के वर्तमान और भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।
बीजेपी उम्मीदवार ने टीएमसी पर हमले के आरोप लगाए
कुमारगंज से बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु सरकार ने कहा, कुमारगंज असेंबली सीट पर, 8-10 पोलिंग स्टेशनों पर हमारे पोलिंग एजेंट्स को जबरदस्ती हटा दिया गया। मैंने खुद दखल दिया और पक्का किया कि उन्हें वापस अंदर जाने दिया जाए। जब ??मैं जमीनी हालात देखने के लिए बूथ नंबर 24 पर गया, तो उन्होंने मेरी पूरी टीम और मुझ पर हमला कर दिया। वे साफ तौर पर डराने और डर का माहौल बनाने पर तुले हुए थे। सेंट्रल फोर्स पोलिंग स्टेशन पर ही मौजूद थे। वे जगह के अंदर थे। लेकिन जब मैं मौके पर पहुंचा, तो मेरे साथ सिर्फ मेरा बॉडीगार्ड था। हमारे साथ और कोई नहीं था। ममता बनर्जी चुनाव हार गई हैं और तृणमूल कांग्रेस इस इलाके की चारों सीटें हार रही है। बहुत ज्यादा निराशा और डर की वजह से उन्होंने हम पर हमला कर दिया।
टीएमसी विधायक वोटिंग से पहले भाजपा में शामिल हुए
पश्चिम बंगाल के गोपीबल्लभपुर निर्वाचन क्षेत्र से वर्तमान विधायक डॉ खगेंद्र नाथ महतो भाजपा में शामिल हो गए हैं। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल विधानसभा के विपक्ष के नेता और नंदीग्राम एवं भाबनीपुर विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे। मिली जानकारी के मुताबिक, झाडग़्राम से गोपीबल्लभपुर के विधायक खगेंद्रनाथ महतो को तृणमूल कांग्रेस से टिकट नहीं मिला था। इसलिए वह नाराज चल रहे थे और उन्होंने आखिरी समय पर बीजेपी ज्वाइन की।
मुर्शिदाबाद के नाओदा में देसी बम से हमला
मुर्शिदाबाद जिले के नाओदा इलाके में एक हिंसक घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात लोगों ने मतदान से पहले देसी बम फेंके, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अभी और जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
आरोपों और प्रत्यारोपों के बीच स्थिति तेजी से बिगड़ती नजर आई। हुमायूं कबीर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि टीएमसी ने उनकी पार्टी के कई उम्मीदवारों को मोटी रकम देकर चुनाव मैदान से हटने के लिए प्रभावित किया, जिससे चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।
चुनाव आयोग ने नाओदा में हुई घटना को लेकर जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) और जिला चुनाव अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। यह मामला आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हुई तनावपूर्ण स्थिति से जुड़ा है। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कहा है कि पूरे मामले की जांच रिपोर्ट जल्द भेजी जाए, ताकि आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कोयंबटूर साउथ में चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर गड़बड़ी की आशंका- के अन्नामलाई
तमिलनाडु चुनाव 2026 के तहत कोयंबटूर में भाजपा नेता के अन्नामलाई ने कहा कि कोयंबटूर साउथ में चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर गड़बड़ी की आशंका है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया जारी रखी है और आज सभी दलों की जिम्मेदारी है कि वे आयोग का सहयोग करें। अन्नामलाई ने लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए बाहर आएं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 3–4 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में चुनावी प्रक्रिया प्रभावित हुई है और पहले से तैयारी ठीक नहीं की गई। उन्होंने आगे कहा कि सभी राजनीतिक दल अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं, लेकिन अंतिम फैसला जनता के हाथ में है, जिसने पिछले 5 वर्षों में डीएमके सरकार का काम देखा है।



