राष्ट्रीय

आप से अलग हुए राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक ने भी छोड़ी पार्टी

आप से अलग हुए राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक ने भी छोड़ी पार्टी

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। यह सिर्फ एक व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। चड्ढा के साथ अशोक मित्तल और संदीप पाठक जैसे प्रमुख नेताओं ने भी पार्टी छोड़ दी है। राघव चड्ढा ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का ऐलान करते हुए आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “मैं गलत पार्टी में सही आदमी था।” चड्ढा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है और वैचारिक पतन की ओर बढ़ रही है। उन्होंने आगे कहा कि वे और उनके सहयोगी अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रहे हैं।

राघव चड्ढा ने दावा किया है कि राज्यसभा में आप के दो-तिहाई सांसद उनके संपर्क में हैं। राघव का यह दावा अगर सही साबित होता है तो ‘दल-बदल विरोधी कानून’ के तहत इन सांसदों की सदस्यता पर कोई आंच नहीं आएगी और यह तकनीकी रूप से एक कानूनी विलय माना जाएगा। राघव के अनुसार, इस फेहरिस्त में स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह और राजेंद्र गुप्ता जैसे बड़े नाम शामिल हैं। आइए, विस्तार से जानते हैं आप से किनारा करने वाले सांसदों में कौन-कौन शामिल हैं।

राघव चड्ढा
राघव चड्ढा एक चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। वे 2012 के आसपास अन्ना हजारे आंदोलन के दौरान आम आदमी पार्टी में शामिल हुए और अरविंद केजरीवाल के करीबी सहयोगी बने। उन्होंने दिल्ली में पार्टी की आर्थिक और मीडिया रणनीति संभाली, बाद में पंजाब में भी सक्रिय रहे। 2022 में पंजाब से राज्यसभा सांसद चुने गए और पार्टी में युवा चेहरा के रूप में उभरे। वे संसद में प्रभावशाली भाषणों के लिए जाने जाते हैं, लेकिन हाल ही में पार्टी लीडरशिप से मतभेद के बाद उन्होंने आप छोड़ने का एलान कर दिया है।

अशोक कुमार मित्तल
अशोक कुमार मित्तल एक सफल उद्योगपति हैं। वे पंजाब के प्रमुख बिजनेसमैन परिवार से आते हैं और लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। 2022 में आप ने उन्हें पंजाब से राज्यसभा भेजा। अप्रैल 2026 में ही आम आदमी पार्टी ने उन्हें राज्यसभा में डिप्टी लीडर बनाया था।

संदीप पाठक
संदीप पाठक आम आदमी पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। वह पंजाब की राजनीति में पार्टी की जमीनी स्तर पर सक्रियता से जुड़े रहे हैं। वर्ष 2022 में पंजाब से पाठक राज्यसभा सांसद बने। उन्होंने पार्टी की पंजाब इकाई में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। अब वे राघव चड्ढा के साथ आप से इस्तीफा देकर बीजेपी में जाने की बात कही है।

हरभजन सिंह
भारत के पूर्व दिग्गज स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह क्रिकेट की दुनिया से राजनीति में आए। पंजाब के जालंधर क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले हरभजन 2022 में आम आदमी पार्टी की टिकट पर राज्यसभा पहुंचे। वे खेल, युवा और पंजाबी संस्कृति से जुड़े मुद्दों पर बोलते रहे हैं, हालांकि राजनीतिक गतिविधियों में वे अपेक्षाकृत कम सक्रिय दिखे। राघव चड्ढा ने कहा है कि हरभजन सिंह भी आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होंगे।

विक्रमजीत सिंह साहनी
विक्रमजीत सिंह साहनी भी पंजाब के उद्योगपति परिवार से आते हैं और शिक्षा क्षेत्र में कई संस्थान चलाते रहे। उन्होंने अफगानिस्तान से सिख-हिंदू समुदाय के लोगों की मदद जैसे मानवीय कार्य भी किए। 2022 में आम आदमी पार्टी ने उन्हें राज्यसभा सांसद बनाया। राघव के मुताबिक, साहनी भी जल्द बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button