फलता विधानसभा सीट पर हाई अलर्ट, भारी सुरक्षा के बीच पुनर्मतदान शुरू

फलता विधानसभा सीट पर हाई अलर्ट, भारी सुरक्षा के बीच पुनर्मतदान शुरू
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की चर्चित फलता विधानसभा सीट पर आज सुबह 7 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुनर्मतदान जारी है। EVM से कथित छेड़छाड़, वेबकास्टिंग फुटेज में गड़बड़ी और चुनावी अनियमितताओं की शिकायतों के बाद निर्वाचन आयोग ने पूरे विधानसभा क्षेत्र में दोबारा मतदान कराने का ऐतिहासिक फैसला लिया था।
दक्षिण 24 परगना जिले की इस हाई-प्रोफाइल सीट पर कुल 285 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की 35 कंपनियां तैनात की गई हैं। इस बार हर बूथ पर पहले की तुलना में दोगुने जवान मौजूद हैं, जबकि ड्रोन, लाइव वेबकास्टिंग और क्विक रिस्पांस टीमों के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है।
फलता सीट पर कुल छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। हालांकि मतदान से ठीक पहले तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान के पीछे हटने की खबर ने सियासी हलचल और बढ़ा दी है। अब मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और वाम समर्थित उम्मीदवारों के बीच माना जा रहा है।
निर्वाचन आयोग ने साफ कहा है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या दबाव की राजनीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है और हर बूथ से रियल टाइम रिपोर्ट ली जा रही है।
फलता विधानसभा सीट इस बार पूरे पश्चिम बंगाल की राजनीति का केंद्र बन गई है। हिंदू-मुस्लिम वोट समीकरण, सुरक्षा व्यवस्था और चुनाव आयोग की सख्ती के कारण यह चुनाव राज्य की सबसे संवेदनशील सीटों में गिना जा रहा है। राजनीतिक दलों की नजर हर बूथ पर बनी हुई है और मतदान प्रतिशत को लेकर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं।



