रायपुर के मिवान स्टील प्लांट में भीषण आग, धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखा

रायपुर के मिवान स्टील प्लांट में भीषण आग, धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखा
रायपुर। मंदिर हसौद क्षेत्र स्थित मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में मंगलवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैलने के कारण पूरे परिसर में धुएं का घना गुबार छा गया, जबकि ऊंची-ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देती रहीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब साढ़े पांच बजे प्लांट से धुआं निकलता देखा गया। इसके बाद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रशासन एवं दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों तक चले रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन के दौरान आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के प्रयास किए गए। घटना की सूचना पर पुलिस, प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर प्लांट के आसपास का क्षेत्र घेराबंदी कर सुरक्षित कर दिया गया है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि घटना के समय परिसर में कितने कर्मचारी मौजूद थे और किसी के प्रभावित होने की आशंका तो नहीं है। फिलहाल किसी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट जैसी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। संबंधित एजेंसियां आग से हुए नुकसान का भी आकलन कर रही हैं।
तहसीलदार विनोद साहू ने मीडिया को बताया कि मिवान स्टील प्लांट में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों और नुकसान की विस्तृत जांच की जा रही है।



