छत्तीसगढ़

जिला अस्पताल की क्षमता बढ़कर होगी 450 बिस्तर, अटल आरोग्य लैब में 133 जांचें निःशुल्क



धमतरी। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण का कार्य तेजी से जारी है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बुधवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नव स्थापित अटल आरोग्य लैब का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक लैब में 133 प्रकार की जांच सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। वर्तमान में 94 प्रकार की जांचें शुरू हो चुकी हैं, जिनमें सीरोलॉजी, हीमेटोलॉजी, इम्यूनोएसे, हार्मोन एवं इलेक्ट्रोलाइट जांच सहित कई विशेष परीक्षण शामिल हैं।

कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान में 250 बिस्तरों वाले जिला अस्पताल में 200 नए बिस्तरों की वृद्धि की जाएगी, जिससे इसकी कुल क्षमता बढ़कर 450 बिस्तर हो जाएगी। इसके लिए प्रस्तावित जी-प्लस-5 भवन के निर्माण की कार्ययोजना तैयार की गई है। ट्रॉमा सेंटर का संचालन लगभग पूर्ण हो चुका है और दूसरे चरण के कार्य भी शुरू कर दिए गए हैं।

अस्पताल में गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए 50 बिस्तरों की विशेष इकाई, नवजात शिशुओं के लिए हाई केयर यूनिट तथा 40 बिस्तरों वाला पृथक आई हॉस्पिटल भी विकसित किया जाएगा। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कलेक्टर ने नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा अटल आरोग्य लैब की सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि समय पर जांच से गंभीर बीमारियों की पहचान और उपचार संभव हो पाता है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button