देश में मानसून की दस्तक आज, कई राज्यों में बारिश और आंधी का डबल अलर्ट

देश में मानसून की दस्तक आज, कई राज्यों में बारिश और आंधी का डबल अलर्ट
नई दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी से राहत की उम्मीदें बढ़ गई हैं, क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून आज केरल के तट से भारत में प्रवेश करने जा रहा है। मानसून की पहली दस्तक के साथ ही कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों के लिए भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज आंधी चल सकती है।
वहीं, राजधानी दिल्ली और एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से बना सुहावना मौसम अब बदलने लगा है। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, तेज हवाओं और हल्की बारिश के चलते कुछ राहत मिलने के भी आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में बुधवार को तेज आंधी चल सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ इलाकों में यह गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है। कई स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक केरल, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
देश में मानसून की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में कई राज्यों को गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



