सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बने मोदी, ऐतिहासिक उपलब्धि पर कहा- जनसेवा ही सुशासन की असली कसौटी

सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बने मोदी, ऐतिहासिक उपलब्धि पर कहा- जनसेवा ही सुशासन की असली कसौटी
नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी भारत में लगातार सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने वाले प्रधानमंत्री बने हैं। इस खास अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया। उन्होंने कहा, ‘जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है।
पीएम मोदी ने संस्कृति सुभाषितम् किया शेयर :
इसके साथ ही, पीएम मोदी ने एक ‘संस्कृति सुभाषितम्’ भी शेयर किया है, जिसमें लिखा, ‘सदानुरक्तप्रकृति: प्रजापालनतत्पर:। विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते।’ ‘संस्कृति सुभाषितम्’ का अर्थ है, ‘जो जनप्रतिनिधि सेवा को अपना धर्म मानकर निरंतर जनहित में कार्य करता है, सुशासन की ओर से जनता की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करता है। विनम्रता व संयम के साथ विकास को लक्ष्य बनाकर समाज की उन्नति के लिए समर्पित रहता है। असल में वही जनविश्वास, यश और समृद्धि प्राप्त करता है।
पूर्व पीएम नेहरू का तोड़ा रिकॉर्ड
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री के तौर पर यह नरेंद्र मोदी का लगातार तीसरा कार्यकाल है। इसके साथ ही, उन्होंने 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहकर सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले, यह उपलब्धि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाम पर दर्ज थी। नेहरू के 1952 से शुरू हुए कार्यकाल को आधार माना जाता है, क्योंकि देश के पहले आम चुनाव होने से पहले 1947 से 1952 के बीच वह अंतरिम सरकार के प्रमुख थे। हालांकि, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 14 साल से ज्यादा समय तक पद पर रहीं, लेकिन उनका कार्यकाल लगातार नहीं था। इस वजह से पीएम मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बने हैं। उन्होंने 2014 में पहली बार शपथ लेने से लेकर 2019 में लगातार दूसरी बार और 2024 में ऐतिहासिक रूप से लगातार तीसरी बार जनादेश हासिल करके प्रधानमंत्री पद संभाला। फिलहाल, देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर पीएम मोदी को देश-विदेश से बधाई और शुभकामनाएं मिल रही हैं।
एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का कीर्तिमान हासिल करने के उपलक्ष्य में एनडीए का आज शक्ति प्रदर्शन हुआ। भारत मंडपम में एनडीए शासित मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों और राजग नेताओं की बैठक में पीएम मोदी को बधाई देने वाला प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव टीडीपी प्रमुख और आंध्रप्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू लाए, जिसे सभी सहयोगी दलों ने अपना समर्थन दिया। इस दौरान मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियों से जुड़ी प्रस्तुति दी गई।
सीएम साय एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक में हुए शामिल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे पर हैं। दौरे के दौरान उन्होंने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में विभिन्न राज्यों में चल रही विकास योजनाओं, सुशासन के मॉडल और केंद्र-राज्य समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम में केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री साय गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाली नीति आयोग की बैठक में भी भाग लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में राज्यों के विकास, आर्थिक प्रगति, बुनियादी ढांचे के विस्तार और क्षेत्रीय चुनौतियों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री साय नीति आयोग की बैठक में बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विशेष पैकेज की मांग उठा सकते हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन विकास से जुड़े प्रस्ताव भी केंद्र सरकार के समक्ष रखे जा सकते हैं।



