छत्तीसगढ़

बाबा बर्फानी के जयकारे के साथ पवित्र अमरनाथ यात्रा शुरू, पीएम मोदी ने श्रद्धालुओं से 5 संकल्प लेने किया आग्रह

बाबा बर्फानी के जयकारे के साथ पवित्र अमरनाथ यात्रा शुरू, पीएम मोदी ने श्रद्धालुओं से 5 संकल्प लेने किया आग्रह

श्रीनगर। पवित्र अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। बारिश के बीच बालटाल और पहलगाम बेस कैंप से श्रद्धालुओं का पहला जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुआ। पहले जत्थे में 10 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हैं। बालटाल मार्ग से जाने वाले श्रद्धालु आज शाम तक पवित्र गुफा पहुंचकर दर्शन करेंगे, जबकि पहलगाम मार्ग से यात्रा करने वाले श्रद्धालु कल दोपहर बाद बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकेंगे। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी।

यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धालुओं के नाम एक पत्र जारी कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा भारत की आध्यात्मिक परंपरा, सांस्कृतिक एकता और सेवा भाव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने यात्रा के सफल संचालन में जुटे भारतीय सेना, सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस, आईटीबीपी, बीएसएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्यकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सफाई कर्मियों और स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने श्रद्धालुओं से पांच संकल्प लेने का आग्रह किया। इनमें यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखना, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करना, ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत यात्रा खर्च का कम से कम 10 प्रतिशत स्थानीय उत्पादों की खरीद पर खर्च करना, रक्षाबंधन पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधा भेंट करना और पूरे वर्ष ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना शामिल है।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में विश्वास जताया कि बाबा अमरनाथ की यात्रा सनातन आस्था, राष्ट्रीय एकता और सेवा की भावना का भव्य उत्सव बनेगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, मंगलमय और सफल यात्रा की कामना करते हुए कहा कि बाबा बर्फानी सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और देश को विकसित भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढऩे की प्रेरणा दें।

पीएम मोदी ने दिए 5 संकल्प
पीएम मोदी ने कहा- इस वर्ष मैं अमरनाथ यात्रा पर जा रहे सभी श्रद्धालुओं से कुछ संकल्पों का आग्रह करना चाहता हूं-:

पहला संकल्प – हम अमरनाथ यात्रा के दौरान स्वच्छता के नियमों का पालन करें और पूरे यात्रा मार्ग में स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें।
दूसरा संकल्प – हम प्रशासन के सभी आदेशों, यातायात के नियमों और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करें। यात्रा के दौरान बारिश की वजह से फिसलन और ठंड का विशेष ध्यान रखें। तीसरा संकल्प – हम ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना से यात्रा के खर्च का कम से कम 10 प्रतिशत उपयोग स्थानीय उत्पादों को खरीदने में करें। इससे जम्मू-कश्मीर के परिवारों और युवाओं की आजीविका को भी बल मिलेगा। चौथा संकल्प – हम बाबा अमरनाथ यात्रा के समापन दिवस, अर्थात रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाई या बहन को एक पौधा भेंट करें और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाएं।
पांचवां संकल्प – हम राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ पूरे वर्ष अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें और विकसित भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।

पीएम मोदी ने आगे कहा मुझे विश्वास है कि बाबा अमरनाथ की दर्शन यात्रा, सनातन धर्म की आस्था, भारत की सांस्कृतिक एकता और सेवा की परंपरा का एक भव्य महोत्सव बनकर पूर्ण होगी। मेरी कामना है, बाबा अमरनाथ की असीम कृपा हम सभी पर बनी रहे। आपकी यात्रा सुरक्षित हो, मंगलमय हो और आपके जीवन में नई ऊर्जा, नई चेतना तथा नई आध्यात्मिक शक्ति का संचार हो। बाबा बर्फानी हम सभी को अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक समर्पित बनाएं, ताकि हम मिलकर विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध कर सकें। आप सभी को अमरनाथ यात्रा के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।

Author Desk

Related Articles

Back to top button