सरकार से बातचीत के बीच सीजेपी का देशव्यापी प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ी पार्टी

सरकार से बातचीत के बीच सीजेपी का देशव्यापी प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ी पार्टी
नई दिल्ली। केंद्र सरकार के बातचीत के प्रस्ताव के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी ने शुक्रवार को देशभर के प्रत्येक जिले में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी ने इस अभियान का नारा हर जिला, एक दिन, एक मांग रखा है और छात्रों व आम लोगों से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की है। पार्टी द्वारा जारी पोस्टर में कहा गया है कि यह प्रदर्शन छात्रों की मांगों के समर्थन और हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान कथित पुलिस बर्बरता के पीडि़तों के साथ एकजुटता जताने के लिए आयोजित किया जा रहा है। सीजेपी ने छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों से शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने की भी अपील की है।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक जंतर-मंतर पर पार्टी का धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक द्वारा 26 दिनों बाद भूख हड़ताल समाप्त करना राहत की बात है और देश के लिए उनका स्वस्थ रहना बेहद महत्वपूर्ण है।
हालांकि, सीजेपी ने अपने रुख में किसी तरह की नरमी के संकेत नहीं दिए हैं। पार्टी का कहना है कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम कुछ भी स्वीकार नहीं होगा और जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन और विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे।
दिल्ली पुलिस के सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द
दिल्ली पुलिस ने सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी है। अगले आदेश तक छुट्टी रद्द की गई है। सभी रैंक के अधिकारी के लिए आदेश जारी किया गया है। दिल्ली में जारी स्टूडेंट्स के प्रदर्शन के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है।
पाकिस्तान से संचालित 480 सोशल मीडिया हैंडल ब्लॉक
छात्रों के प्रदर्शन की आड़ में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एक्शन लिया है। पाकिस्तान से संचालित 480 सोशल मीडिया हैंडल्स को ब्लॉक किया है। इनका मकसद लोगों को भडक़ाना और छात्रों का ध्यान भटकाना था। पुलिस ने छात्रों से पोस्ट शेयर करने से पहले सच्चाई जांचने की अपील की है।
आज भी दिल्ली के 17 मेट्रो स्टेशन बंद
डीएमआरसी के मुताबिक, आज 24 जुलाई को सुबह 7:30 बजे से 17 प्रमुख स्टेशन बंद रहेंगे। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। आज लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोरबाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे।



