अंतर्राष्ट्रीय

थाईलैंड के स्कूल में छात्र ने अंधाधुंध फायरिंग की, 8 की मौत, 15 घायल, आरोपी ने खुद को भी मारी गोली

बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बाहरी इलाके नोंथाबुरी प्रांत के एक हाई स्कूल में शुक्रवार को हुई गोलीबारी ने पूरे देश को झकझोर दिया। एक छात्र ने स्कूल परिसर में अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें शुरुआती आधिकारिक जानकारी के अनुसार आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 15 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में शिक्षक, छात्र और हमलावर छात्र शामिल हैं। अधिकारियों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्र ने स्कूल परिसर में अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए छात्र-छात्राएं कक्षाओं और अन्य सुरक्षित स्थानों में छिप गए, जबकि पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर स्कूल को खाली कराया। घटना के बाद पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

शिक्षा मंत्री ने की संयम बरतने की अपील

घटना के बाद थाईलैंड के शिक्षा मंत्री प्रसर्ट चंतारारुआंगथोंग ने सभी संबंधित एजेंसियों को तत्काल राहत एवं सहायता कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रभावित लोगों को शारीरिक और मानसिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने मीडिया और आम लोगों से अपील की कि मृतकों, घायलों और छात्रों की संवेदनशील तस्वीरें या अपुष्ट जानकारी साझा न करें, ताकि पीडि़त परिवारों की निजता और मानसिक स्थिति प्रभावित न हो।

बंदूक संस्कृति पर फिर उठे सवाल

इस घटना के बाद थाईलैंड में हथियारों की आसान उपलब्धता और स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर बहस तेज हो गई है। दक्षिण-पूर्व एशिया में थाईलैंड नागरिकों के पास हथियार होने की अपेक्षाकृत ऊंची दर वाले देशों में शामिल है। हाल के वर्षों में देश में कई चर्चित गोलीबारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके बाद एक बार फिर कड़े नियंत्रण और सुरक्षा उपायों की मांग उठने लगी है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button