छत्तीसगढ़

रायपुर में झमाझम बारिश से बदला मौसम, प्रदेश में अगले 7 दिन बरसेंगे बदरा

रायपुर (प्रखर)। राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में घने काले बादल छाने के बाद झमाझम बारिश शुरू हुई, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सुबह से हुई तेज बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं कई जगहों पर सडक़ों पर पानी भरने से आवाजाही भी प्रभावित हुई। मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर अगले सात दिनों तक मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। शुक्रवार को भी प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। हालांकि, प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम है।

मौसम सिस्टम से बढ़ी बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश और उसके आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही मानसून द्रोणिका अमृतसर, मुजफ्फरनगर, कानपुर, निम्न दबाव के क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। वहीं, उत्तरी ओडिशा और उसके आसपास ऊपरी हवा में चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां बढ़ी हैं और कई इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिल रहा है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button