टैक्स बकायादारों पर नगर निगम का शिकंजा, दूसरे दिन भी 4 दुकानों पर जड़ा ताला
नल कनेक्शन का शुल्क नहीं पटाने वालों पर भी जल्द गिरेगी गाज, अगले सप्ताह सार्वजनिक होगी बड़े बकायादारों की सूची

टैक्स बकायादारों पर नगर निगम का शिकंजा, दूसरे दिन भी 4 दुकानों पर जड़ा ताला
बकाया जमा नहीं करने पर निगम की सख्ती, मौके पर 34 हजार रुपये जमा करने से 3 दुकानें सील होने से बचीं
नल कनेक्शन का शुल्क नहीं पटाने वालों पर भी जल्द गिरेगी गाज, अगले सप्ताह सार्वजनिक होगी बड़े बकायादारों की सूची
धमतरी। नगर निगम धमतरी ने टैक्स और दुकान किराया जमा नहीं करने वाले बकायादारों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। लगातार नोटिस और मोहलत देने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वालों पर निगम की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। मंगलवार को निगम की टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार दुकानों को सील कर दिया। वहीं, कार्रवाई के दौरान तीन दुकानदारों द्वारा मौके पर ही कुल 34 हजार रुपये जमा करने के कारण उनकी दुकानों को सील नहीं किया गया।
हटकेश्वर और रामबाग बाजार में निगम की कार्रवाई

नगर निगम आयुक्त अरुण वर्मा के आदेश एवं उपायुक्त पी.सी. सार्वा के निर्देश पर निगम की राजस्व टीम ने बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान हटकेश्वर स्कूल के सामने स्थित परिसर में दो दुकानों तथा रामबाग बाजार क्षेत्र में दो दुकानों को सील किया गया।
निगम की इस कार्रवाई से बकाया टैक्स और दुकान किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी निगम द्वारा बकाया दुकान किराया एवं टैक्स जमा नहीं करने पर दो दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
बार-बार मोहलत के बाद भी नहीं पटाया टैक्स, अब निगम ने अपनाया कड़ा रुख
उपायुक्त पी.सी. सार्वा ने बताया कि नगर निगम द्वारा बकाया कर और किराया जमा करने के लिए संबंधित करदाताओं एवं दुकानदारों को लगातार सूचना दी जा रही थी। इसके बावजूद कई बकायादारों ने राशि जमा नहीं की।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ सीलिंग सहित अन्य नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अगले सप्ताह सार्वजनिक होगी बकायादारों की सूची
नगर निगम अब बकायादारों के खिलाफ एक और सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। निगम प्रशासन के अनुसार, बार-बार सूचना और मोहलत देने के बावजूद टैक्स जमा नहीं करने वाले बकायादारों के नामों की सूची अगले सप्ताह सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा की जाएगी।
इस कदम का उद्देश्य बकाया राजस्व की वसूली में तेजी लाना और करदाताओं को समय पर टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित करना है।
नल कनेक्शन लेकर शुल्क नहीं पटाने वालों पर भी होगी कार्रवाई
नगर निगम ने ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है, जिन्होंने नल कनेक्शन तो ले लिया है, लेकिन निर्धारित शुल्क जमा नहीं किया है। निगम प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि ऐसे बकायादारों के खिलाफ भी जल्द नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निगम की कार्रवाई में ये रहे शामिल
मंगलवार को हुई कार्रवाई में मुख्य रूप से नितिन बनवासी, मोहम्मद शेरखान, संजय गुप्ता, सामर्थ्य रणसिंह, पवन देवांगन, दीपक पांडेय, छबि प्रजापति, सन्नी वाल्मीकि, बंसीदीप, निलेश कोर्राम सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम की लगातार दूसरे दिन हुई कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि अब टैक्स और किराया जमा करने में लापरवाही बरतने वाले बकायादारों को राहत मिलने वाली नहीं है। निगम प्रशासन ने सभी संबंधित दुकानदारों और करदाताओं से बकाया राशि जल्द जमा करने की अपील की है।




