छत्तीसगढ़

गोपाष्टमी पर महापौर रामू रोहरा ने यादव समाज भवन के सौंदर्यीकरण कार्य का किया भूमिपूजन, शोभायात्रा में जमकर झूमे-नाचे महापौर

महापौर निधि से 4.89 लाख रुपये की लागत से होंगे विभिन्न विकास कार्य, वार्डवासियों ने किया भव्य स्वागत, शोभायात्रा में महापौर का दिखा उत्साह

गोपाष्टमी पर महापौर रामू रोहरा ने यादव समाज भवन के सौंदर्यीकरण कार्य का किया भूमिपूजन, शोभायात्रा में जमकर झूमे-नाचे महापौर

 

महापौर निधि से 4.89 लाख रुपये की लागत से होंगे विभिन्न विकास कार्य, वार्डवासियों ने किया भव्य स्वागत, शोभायात्रा में महापौर का दिखा उत्साह

 

धमतरी/ गोपाष्टमी के पावन अवसर पर कोष्टापारा वार्ड में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर झेरिया यादव समाज भवन में सौंदर्यीकरण एवं विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन महापौर  जगदीश ‘रामू’ रोहरा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। महापौर निधि से 4 लाख 89 हजार रुपये की लागत से होने वाले इन विकास कार्यों से समाज भवन को नई सुविधाएं और आकर्षक स्वरूप मिलेगा।

महापौर  रामू रोहरा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान वार्डवासियों ने उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं और उत्साहपूर्ण स्वागत के बीच महापौर ने समाजजनों से मुलाकात कर उनकी खुशियों में सहभागिता निभाई।

भूमिपूजन के पश्चात महापौर गोपाष्टमी के अवसर पर आयोजित भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता के जयकारों के बीच उत्सव का अद्भुत उत्साह नजर आया। महापौर रामू रोहरा भी समाजजनों के उत्साह में शामिल होकर ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर झूमे और नाचे। उनका यह उत्साह देखकर शोभायात्रा में शामिल लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। महापौर ने सभी समाजजनों एवं वार्डवासियों को गोपाष्टमी पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर महापौर  रोहरा ने कहा कि समाज के भवन सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र होते हैं। इनका विकास केवल भवन का विकास नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता और सामाजिक गतिविधियों को मजबूती देने का प्रयास है। नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की आवश्यकताओं और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्य कराना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी भारतीय संस्कृति में गौसेवा, गौसंरक्षण और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक पर्व है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता झेरिया यादव समाज कोष्टापारा धमतरी के अध्यक्ष श्री संजय यादव ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री युगल किशोर यादव, प्रभारी सदस्य लोक निर्माण विभाग, नगर निगम धमतरी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में श्री अखिलेश सोनकर, प्रभारी सदस्य जल विभाग, नगर निगम धमतरी, वार्ड पार्षद श्री संतोष सोनकर, श्री संतोष यादव (सचिव), श्री दुर्गा प्रसाद यादव (कोषाध्यक्ष), श्री शीतलराज यादव (महासंरक्षक) एवं श्री हरिलाल यादव (संरक्षक) सहित समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

 

समाज भवन के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों के भूमिपूजन से समाजजनों में हर्ष का माहौल रहा। समाज के पदाधिकारियों ने महापौर रामू रोहरा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महापौर निधि से 4.89 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर भवन के विकास की पहल करना समाज के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। इससे भविष्य में सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

गोपाष्टमी के धार्मिक उल्लास, समाजजनों के आत्मीय स्वागत और शोभायात्रा में महापौर की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button