छत्तीसगढ़राजनीति

भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने संसद में कहा -चंद्रयान-3 की सफलता और नारी शक्ति वंदन विधेयक पारित होना दृढ़निश्चयी, संकल्पवान नेतृत्व के कारण ही संभव

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के सांसद (राजनांदगाँव) संतोष पांडेय ने कहा है कि भारत विश्व की महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। इसी के समानांतर महिला आरक्षण से संबंधित नारी शक्ति वंदन विधेयक को प्रस्तुत करना और संसद में पारित कराना दृढ़निश्चयी, संकल्पवान नेतृत्व के कारण ही संभव हुआ है। संतोष पांडेय गुरुवार की देर रात लोकसभा में चंद्रयान-3 मिशन की सफलता व महिला आरक्षण पर अपने विचार रख रहे थे।

भाजपा सांसद पांडेय ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का जो डंका बज रहा है, वह पूरी दुनिया देख रही है, सुन रही है, अनुभव कर रही है। हँसी-मजाक में पहले कहा करते थे कि अगर इस देश की चले, तो लोग कटोरा लेकर चंद्रमा पर भी चले जाएँ। यह मजाक की बात हुआ करती थी, पर उस समय स्थिति ऐसी थी, सरकारें ऐसी थीं। हम सब उन स्थितियों से अवगत हैं। इस देश को सपेरों का देश, लकड़हारों का देश तक कहा गया। पांडेय ने कहा कि आज जो इस देश ने अपनी उच्च स्थिति को अर्जित किया है, यह हम सबके लिए गौरव की बात है। आज हमने पूरी दुनिया को दिखा दिया कि भारत को क्यों भविष्य की महाशक्ति कहा जा रहा है? महाशक्ति बनने की ओर भारत जा रहा है। दुनिया में चंद्रमा पर फतह के लिए सबसे सस्ते जिस चंद्रयान-3 मिशन को भारत ने जिस अंदाज में पूरा किया, उसने दुनिया के विकसित राष्ट्रों की आँखें खोलकर रख दी हैं।

भाजपा सांसद पांडेय ने महिला आरक्षण संबंधी नारी शक्ति वंदन विधेयक पर कहा कि आज विपक्ष लाख सिर पटके, चंद्रयान-3 मिशन की अवधारणा के समानांतर जिस प्रकार नारी शक्ति वंदन विधेयक संसद में प्रस्तुत किया और हम सबने मिलकर उसे पारित किया, यह वास्तव में निस्संदेह जब दृढ़निश्चयी, संकल्पवान नेतृत्व होता है, तब उसका श्रेय भी राष्ट्रनायक को जाता है। इसे कोई रोक नहीं सकता।

Author Desk

Related Articles

Back to top button