राष्ट्रीय

महाराष्ट्र में विकासवाद की जीत, ‘एक हैं तो सेफ हैं, देश का महामंत्र बन गया है’ : पीएम मोदी

महाराष्ट्र में विकासवाद की जीत, ‘एक हैं तो सेफ हैं, देश का महामंत्र बन गया है’ : पीएम मोदी

नई दिल्ली। पीएम मोदी ने कहा कि हम ऐतिहासिक महाविजय का उत्सव मना रहे हैं। महाराष्ट्र में विकासवाद की जीत हुई है। सुशासन की जीत हुई है। सच्चे सामाजिक न्याय की विजय हुई है। झूठ, छल और फरेब की बुरी हार हुई है। विभाजनकारी ताकतों और परिवारवाद की हार हुई है। देश भर के एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई देता हूं और सबका अभिनंदन करता हूं।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत के साथ ही प्रदेश में महायुति की सरकार एक बार फिर बनने जा रही है वहीं उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही अन्य राज्यों में हुए उपचुनावों में भी एनडीए का प्रदर्शन अच्छा रहा है। इस बीच राजधानी दिल्ली में बीजेपी की जीत का जश्न मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद बीजेपी मुख्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने महाराष्ट्र की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पिछले 50 साल में पहली बार किसी प्रीपोल अलायंस की इतनी बड़ी जीत है। लगातार तीसरी बार है जब बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को लगातार तीसरी बार सत्ता में मौका दिया है। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। यह बीजेपी के गवर्नेंस मॉडल पर मुहर है। अकेले बीजेपी को भी कांग्रेस और उनके सहयोगियों से कहीं अधिक सीटें महाराष्ट्र के लोगों ने दी है। यह दर्शाता है कि जब सुशासन की बात आती है तो देश सिर्फ बीजेपी और एनडीए पर भरोसा करता है। महाराष्ट्र देश का छठा राज्य है जिसने बीजेपी को लगातार तीन बार जनादेश दिया है। इससे पहले गोवा, गुजरात, हरियाणा और मध्य प्रदेश में हम लगातार तीन बार जीत चुके हैं। बिहार में एनडीए को लगातार तीन बार जनादेश मिला है।

उद्धव ठाकरे का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने धोखा करके अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की लेकिन महाराष्ट्र जनता ने उन्हें उसकी सजा दे दी है। पीएम मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र का यह परिणाम विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए बहुत आधार बनेगा। महाराष्ट्र के चुनाव का संदेश है एकजुटता। एक हैं तो सेफ हैं। ये आज देश का महामंत्र बन चुका है। कांग्रेस और उसके इकोसिस्टम ने सोचा था कि संविधान के नाम पर झूठ बोलकर, आरक्षण के नाम पर झूठ बोलकर, एसटी, एसटी, ओबीसी को छोटे-छोटे समूह में बांट देंगे, वे बिखर जाएंगे। लेकिन उनकी इन साजिशों को महाराष्ट्र ने खारिज कर दिया है। महाराष्ट्र ने कह दिया है कि एक हैं तो सेफ हैं। ये इंडी गठबंधन वाले जनता के मिजाज को नहीं भांप पाए हैं। कांग्रेस के पाखंड को जनता ने खारिज कर दिया है। कांग्रेस जनता को गुमराह करने के लिए दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री को चुनाव मैदान में उतारे लेकिन सफल नहीं हुआ। न तो इनके झूठे वादे चले न ही खतरनाक एजेंडा चला।

पीएम मोदी ने कहा कि पूरे देश में सिर्फ और सिर्फ एक ही संविधान चलेगा। वह संविधान है बाबा साहेब अंबेडकर का संविधान। जो भी सामने या पर्दे के पीछे देश में दो संविधान की बात करेगा। उसको देश पूरी तरह से नकार देगा। कांग्रेस और उसके साथियों ने फिर से आर्टिकल 370 की दीवार बनाने का प्रयास किया। यह संविधान का अपमान है। महाराष्ट्र ने साफ-साफ बता दिया कि यह नहीं चलेगा। कांग्रेस और उनके साथियों को भी कहता हूं कि दुनिया की कोई भी ताकत 370 को वापस नहीं ला सकती।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी परजीवी बनकर रह गई है। कांग्रेस पार्टी के लिए अपने दमपर सरकार बनाना लगातार मुश्किल हो रहा है। हाल के दिनों में हुए चुनावों में उनका सूपड़ा साफ हो गया है। कांग्रेस की विभाजनकारी राजनीति फेल हो रही है। फिर भी उनका अहंकार देखिए। कांग्रेस अपनी ही नहीं बल्कि अपने साथियों की नाव भी डुबो देती है। अच्छा है कि यूपी में कांग्रेस के सहयोगियों ने उनसे पीछा छुड़ा लिया नहीं तो उनकी भी नैया डूब जाती। कांग्रेस ने तुष्टिकरण का बीज बोया, वोट के लिए वक्फ बोर्ड बनाया। कांग्रेस ने झूठे सेक्यूलरिज्म की भावना का खेल खेला।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक असंतोष की ज्वाला भड़क रही है। क्या एक ही परिवार काबिल है, बाकि सब नाकाबिल हैं? कांग्रेस की प्राथमिकता देश की जनता नहीं है। जिस पार्टी की प्राथमिकता देश की जनता नहीं हो वह पार्टी किसी का क्या भला करेगी। राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि विदेशों में गालियां देना, देश को बदनाम करना ही उनका काम रह गया है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने अर्बन नक्सलियों को बढ़ावा दिया। इन अर्बन नक्सलियों से सावधान रहने की जरूरत है। इनका रिमोट कंट्रोल देश के बाहर है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज का शहरी भारत ईज ऑफ लिविंग चाहता है और इसके लिए सबका भरोसा बीजेपी पर है। हमारा लक्ष्य है कि हमारा शहर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों की लिस्ट में आए। मैंने लालकिले से कहा था कि एक लाख ऐसे युवाओं को राजनीति में लाना चाहता हूं जिनके परिवार का राजनीति से कोई संबंध नहीं है। आज एनडीए के कई ऐसे उम्मीदवारों को जनता ने समर्थन दिया है। बीजेपी-एनडीए का ध्येय सिर्फ चुनाव जीतने और सरकार जीतने तक सीमित नहीं है, हम देश बनाने के लिए निकले हैं। हम विकसित भारत बनाने के लिए निकले हैं। आज एनडीए-बीजेपी का हर कार्यकर्ता इस संकल्प के लिए जी-जान से जुटा है। हमें सेवक बनकर देश के हर नागरिक की सेवा करनी है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button