राष्ट्रीय

प्रयागराज महाकुम्भ में मौनी अमावस्या के अमृत स्नान से पहले संगम तट पर भगदड़, कई हताहत

सूत्रों के अनुसार 14 से अधिक की मौत, कई घायल, आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं

पीएम मोदी की स्थिति पर नजर, स्थिति नियंत्रण में

प्रयागराज। महाकुंभ में मौनी अमावस्या के अमृत स्नान से पहले प्रयागराज के संगम तट पर भगदड़ मच गई, जिसमें कई श्रद्धालुओं के हताहत होने की खबर है। बताया जा रहा है कि मौनी अमावस्या पर भीड़ के अत्यधिक दबाव की वजह से हालात बिगड़ गए। भीड़ अधिक होने के कारण कुछ श्रद्धालु गिर गए। जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई। भगदड़ में कई लोगों के मौत की खबर है लेकिन प्रशासन ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आशंका है लगभग 14 से अधिक लोगों की मौत हुई है। वहीं कई श्रद्धालू घायल हैं। बताया जा रहा है की भगदड़ की घटना के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। तुरंत ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। देर रात करीब दो बजे संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देखते ही देखते मौके पर स्थिति बेकाबू हो गई। कुछ लोग गिरे तो भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। लोगों का सामान छूट गया। संगम नोज पर स्नान करने को श्रद्धालु इस कदर बेताब थे कि वे बैरिकेडिंग फांदने लगे। इसकी वजह से अफरा-तफरी मच गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार महाकुंभ की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और राज्य सरकार से लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने अब तक तीन बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की है। उन्होंने स्थिति सामान्य करने और राहत कार्य के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। जिन श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन पीडि़तों की हरसंभव मदद में जुटा हुआ है। इस सिलसिले में मैंने मुख्यमंत्री योगी से बातचीत की है और मैं लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हूं।

प्रयागराज में आज करीब 8-10 करोड़ श्रद्धालु मौजूद : सीएम योगी

मामले में सीएम योगी ने कहा कि प्रयागराज में आज करीब 8-10 करोड़ श्रद्धालु मौजूद हैं। संगम नोज की ओर श्रद्धालुओं के आने से लगातार दबाव बना हुआ है। अखाड़ा मार्ग पर बैरिकेडिंग लांघने की कोशिश में कुछ श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौनी अमावस्या का महूर्त कल रात से शुरू हुआ है, तब से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। योगी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री अब तक चार बार स्थिति का जायजा ले चुके हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी लगातार स्थिति की रिपोर्ट ले रहे हैं। प्रयागराज में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन भीड़ अभी भी काफी है। विभिन्न अखाड़ों के संतों ने विनम्रतापूर्वक कहा है कि श्रद्धालु पहले पवित्र स्नान करें और भीड़ कम होने पर अखाड़े पवित्र स्नान के लिए आगे बढ़ेंगे।’

सीएम साय ने घटना को बताया दु:खद

इस घटना पर सीएम विष्णुदेव साय ने ट्?वीट कर कहा कि, महाकुंभ में घटित भगदड़ की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कई श्रद्धालुओं के निधन और घायल होने की खबर अत्यंत दु:खद है। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं घायल श्रद्धालुओं के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। सीएम साय ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि संयम बनाए रखें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन करें। मां गंगा के जिस घाट के समीप हैं, वहीं पुण्य स्नान करें।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button