इंडियन रेड क्रॉस व वरदान परमार्थ एंबुलेंस सेवा ने पेश की मानवता की मिसाल

मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को सुरक्षित रेस्क्यू कर “अपना घर आश्रम” में कराया गया भर्ती
धमतरी(प्रखर) इंडियन रेड क्रॉस समिति एवं वरदान परमार्थ एंबुलेंस सेवा संस्था ने एक बार फिर संवेदनशीलता और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। आमदी क्षेत्र में इधर-उधर भटक रहे एक विक्षिप्त एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को सुरक्षित रेस्क्यू कर इलाज के लिए रायपुर स्थित “अपना घर आश्रम” भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आमदी क्षेत्र में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के भटकने की सूचना महेंद्र भैया एवं गजेंद्र कुंभकार द्वारा इंडियन रेड क्रॉस समिति के सदस्य एवं वरदान परमार्थ एंबुलेंस सेवा संस्था के सक्रिय सदस्य शिवा प्रधान को दी गई। सूचना मिलते ही शिवा प्रधान ने बिना देर किए अपनी टीम के सदस्यों पप्पू साहू एवं डुमन साहू के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
टीम ने अत्यंत संवेदनशीलता और सावधानी के साथ उक्त व्यक्ति को सुरक्षित रूप से धमतरी लाया। इसके पश्चात सनी छाजेड़ के मार्गदर्शन एवं सहयोग से अर्जुनी थाना को सूचना दी गई और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को रायपुर स्थित “अपना घर आश्रम” में भर्ती कराया गया।
उल्लेखनीय है कि “अपना घर आश्रम” में बेसहारा एवं मानसिक रोगियों का समुचित इलाज, देखभाल और पुनर्वास किया जाता है। यहां उपचार के बाद कई लोग पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर अपने परिवार तक वापस पहुंच चुके हैं। यह आश्रम समाज के ऐसे उपेक्षित वर्ग के लिए आशा की किरण बनकर कार्य कर रहा है।
इंडियन रेड क्रॉस समिति एवं वरदान परमार्थ एंबुलेंस सेवा संस्था द्वारा किया गया यह सराहनीय कार्य समाज में सेवा, करुणा और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने वाला है। क्षेत्रवासियों ने इस मानवीय पहल की प्रशंसा करते हुए ऐसे प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया है।



