छत्तीसगढ़

मानवता अभी ज़िंदा है: गुम हुआ मोबाइल सुरक्षित लौटाया

धमतरी(प्रखर)ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए ट्रक यूनियन धमतरी के कमेटी मेंबर एवं राजपूत समाज के युवा अध्यक्ष अभिषेक सिंह ठाकुर ने एक मिसाल कायम की है। अधारी नवागांव निवासी शिव कुमारी नागरची का मोबाइल फोन शहर के सदर मार्ग पर चलते समय कहीं गिर गया था। मोबाइल गुम होने से परिवार चिंतित था और काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था।
इसी दौरान सदर मार्ग से गुजरते हुए अभिषेक सिंह ठाकुर की नजर सड़क किनारे पड़े मोबाइल पर पड़ी। उन्होंने मोबाइल को उठाकर उसे अपने पास सुरक्षित रखा और मोबाइल में उपलब्ध जानकारी के आधार पर उसके मालिक का पता लगाने का प्रयास किया। कुछ ही समय में मोबाइल स्वामी की पहचान कर ली गई। इसके बाद अभिषेक स्वयं अधारी नवागांव पहुंचकर शिव कुमारी नागरची के निवास गए और उनका मोबाइल उनकी नातिन विधि नागरची को सकुशल सौंप दिया।
मोबाइल वापस मिलने पर परिवार में खुशी का माहौल बन गया। शिव कुमारी नागरची एवं उनके परिजनों ने अभिषेक सिंह ठाकुर की ईमानदारी और मानवता की भावना की सराहना करते हुए उन्हें हृदय से धन्यवाद दिया। परिवारजनों ने कहा कि आज के समय में इस तरह का उदाहरण बहुत कम देखने को मिलता है, जब कोई व्यक्ति बिना किसी स्वार्थ के गुम हुई वस्तु को उसके असली मालिक तक पहुंचाता है।
इस घटना से यह स्पष्ट होता है कि समाज में आज भी ईमानदारी और संवेदनशीलता जीवित है। अभिषेक सिंह ठाकुर का यह कार्य न केवल प्रशंसनीय है, बल्कि युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक संदेश भी देता है कि छोटी-सी पहल से भी किसी के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सकती है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button