छत्तीसगढ़

ज्ञान अमृत इंग्लिश हाईस्कूल में भावभीना विदाई समारोह आयोजित


धमतरी। ज्ञान अमृत इंग्लिश हाईस्कूल में कक्षा 9वीं के छात्र-छात्राओं द्वारा कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों तथा कक्षा 7वीं के छात्र-छात्राओं द्वारा कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि योगेश्वर साहू (सेवानिवृत्त व्याख्याता), विशिष्ट अतिथि रोहिताश मिश्रा (अध्यक्ष, किसान मोर्चा), कोमल सार्वा (पार्षद, ब्राह्मण पारा वार्ड) तथा अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार पाण्डेय ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों एवं विदाई ले रहे विद्यार्थियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक नृत्य, चुटकुले और क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से कार्यक्रम को रोचक बनाया। कक्षा 10वीं और 8वीं के विद्यार्थियों ने विद्यालय में बिताए गए सुनहरे पलों को साझा करते हुए अपने अनुभव व्यक्त किए। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को स्मृति-चिन्ह एवं उपहार प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि योगेश्वर साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यालय केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि जीवन के मूल्य, अनुशासन और सच्ची मित्रता का पाठ भी सिखाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को चुनौतियों से न घबराने, अपने सपनों को साकार करने और जीवन को एक सुंदर सफर मानकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों को सफलता के पांच सूत्र बताते हुए कहा कि एक आदर्श विद्यार्थी को कौए की तरह जिज्ञासु, बगुले की तरह लक्ष्य के प्रति एकाग्र, स्वान की भांति सजग, संयमित आहार लेने वाला तथा ज्ञान के लिए समर्पित होना चाहिए। इन गुणों को अपनाकर ही जीवन में श्रेष्ठ उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
प्राचार्य विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं नजदीक हैं, लेकिन सच्ची सफलता केवल अंकों से नहीं बल्कि चरित्र और सपनों से आंकी जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भुनेश्वरी देवांगन, ममता तिवारी, कल्पना माने, मनीषा अंकमवार, रुमानी कुरैशी, हेमलता देवांगन, ज्योति सोनी, गायत्री दुबे, शीतल सोनी, प्रिया शर्मा, नेहा सिन्हा, गायत्री देवांगन, ज्ञानेश्वरी धीवर, मोनिका बांधे, पायल नामदेव, नीलम साहू, अल्फिया शेख, भावना कहार, दीपिका पटेल, जगदीश सोनी, आदित्य दुबे, घनश्याम शर्मा, शैलेंद्र साहू, राजेंद्र साहू सहित छात्र-छात्राएं एवं पालकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन अर्पिता गुप्ता, हंसिका सारसर एवं श्रेया पटवा ने किया। समारोह का समापन भावनात्मक माहौल और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button