पूज्य पंचायत सिंधी समाज के पुनः कार्यवाहक अध्यक्ष बने योगेश जसूजा

धमतरी(प्रखर) पूज्य पंचायत सिंधी समाज के अध्यक्ष चंदू जसवानी एवं उनकी कार्यकारिणी का दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर आयोजित आम सभा में समाजजनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। बैठक में अध्यक्ष चंदू जसवानी ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं जनहित के कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। साथ ही आय-व्यय का संपूर्ण लेखा-जोखा पारदर्शिता के साथ समाज के सामने रखा गया।
अपने संबोधन में चंदू जसवानी ने कहा कि समाज की एकजुटता और सहयोग से ही बीते दो वर्षों में अनेक महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति एवं युवाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यकाल पूर्ण होने पर सामाजिक नियमावली के अनुसार अध्यक्ष सहित समस्त पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से त्यागपत्र सौंपते हुए समाजजनों का धन्यवाद किया और भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने का विश्वास दिलाया।
इसके पश्चात नए अध्यक्ष के निर्वाचन तक कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चर्चा की गई। उपस्थित समाजजनों ने सर्वसम्मति से शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं पूर्व अध्यक्ष योगेश जसूजा को उनके पूर्व कार्यकाल में किए गए उल्लेखनीय एवं सराहनीय कार्यों को ध्यान में रखते हुए पुनः निर्विरोध कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में चुना। उनके चयन की घोषणा होते ही सभा में हर्ष का वातावरण बन गया और समाजजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
कार्यवाहक अध्यक्ष योगेश जसूजा ने अपने उद्बोधन में समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि समाज की एकता, संगठन की मजबूती और नई पीढ़ी को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं समाजजनों से सक्रिय सहयोग की अपील की, ताकि सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।
कार्यक्रम का संचालन संतोष तेजवानी ने प्रभावी ढंग से किया, जबकि आभार प्रदर्शन एवं समापन की घोषणा मनीष वाधवानी ने की। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस बैठक ने समाज की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का परिचय दिया।



