तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत, एक की हालत गंभीर

धमतरी(प्रखर )जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। खपरी बायपास के पास शनिवार सुबह हुई घटना के बाद शनिवार देर रात भखारा रोड पर एक और बड़ा हादसा हो गया। ग्राम कुरमातराई के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार कोसमर्रा निवासी दुलेश साहू और हेमलाल किसी काम से धमतरी आए थे। देर रात दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कुरमातराई के पास पीछे से आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही वरदान परामर्श सेवा संस्था के शिवा प्रधान और अमन साहू मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दुलेश साहू को मृत घोषित कर दिया, जबकि हेमलाल का उपचार जारी है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों से क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से यातायात नियमों के सख्त पालन और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



