छत्तीसगढ़

नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, पति और सास गिरफ्तार


घरेलू विवाद बना हत्या की वजह, पुलिस की सूझबूझ से सुलझा अंधा मामला


धमतरी- चौकी करेलीबड़ी क्षेत्र के ग्राम हरदी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में धमतरी पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभ में सामान्य मृत्यु प्रतीत हो रहे इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए वैज्ञानिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला सिद्ध किया।
जानकारी के अनुसार 30 मार्च 2026 को ग्राम हरदी में एक नवविवाहिता की मौत की सूचना मिलने पर करेलीबड़ी चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और मामले को संदिग्ध मानते हुए मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ की गई।
शव परीक्षण रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला घोंटना पाया गया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि मामला हत्या का है। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, परिस्थितिजन्य तथ्यों और गवाहों के बयान के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान यह सामने आया कि मृतिका और उसके पति चन्द्रशेखर यादव के बीच संतान को लेकर अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके दौरान आरोपी पति ने गुस्से में आकर रस्सी से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी।
पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपी चन्द्रशेखर यादव (26 वर्ष) ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त काली रस्सी भी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को 01 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की मां रिना बाई यादव (46 वर्ष) ने घटना को छुपाने का प्रयास किया और मृतिका की मौत को सीने में दर्द से होना बताया, जिससे पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई। इस पर पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238(क) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की तत्परता और सजगता से सुलझा मामला
धमतरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वैज्ञानिक जांच और सतत निगरानी के चलते यह अंधा हत्या का मामला सुलझ पाया, जिसकी क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button