छत्तीसगढ़

अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 7 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त


धमतरी-जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विकासखंड कुरूद के ग्राम पंचायत चारभाटा (नारी) में शिकायत मिलने पर प्रशासन की संयुक्त टीम ने औचक जांच अभियान चलाकर 7 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़ीं।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरूद के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने सुबह सघन जांच की। इस दौरान सभी वाहन बिना वैध अनुमति के रेत परिवहन करते पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर कृषि उपज मंडी कुरूद की अभिरक्षा में रखा गया है।
प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट कलेक्टर (खनिज शाखा) को भेज दी गई है।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ “शून्य सहिष्णुता” की नीति अपनाई गई है। उन्होंने संबंधित विभागों को लगातार निगरानी और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और राजस्व की हानि रोकने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button