छत्तीसगढ़

माता की पूजा-अर्चना, भव्य बाइक रैली और देशभक्ति गीतों के साथ एमपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता का ऐतिहासिक आगाज़


खेल पखवाड़ा युवाओं के सपनों को देगा नई दिशा – प्रीतेश गांधी


प्रतिभाओं को मंच और अवसर देना ही हमारा संकल्प – पं. राजेश शर्मा
धमतरी(प्रखर)शहर में आईपीएल की तर्ज पर आयोजित एमपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में भव्य तरीके से किया गया। आयोजन की शुरुआत शहर की आराध्य देवी मां विंध्यवासिनी की पूजा-अर्चना से हुई, जहां खेल पखवाड़ा के संरक्षक एवं आयोजक पं. राजेश शर्मा सहित समिति के सदस्यों ने विधिवत पूजा कर आयोजन की सफलता की कामना की।
इसके बाद पूरे शहर में जोश और उत्साह से भरपूर विशाल बाइक रैली निकाली गई, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के बीच यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मिशन मैदान पहुंची, जहां रंगारंग देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में सर्व गुजराती समाज के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतेश गांधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ नगर निगम के पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा, प्रकाश शर्मा, दयाराम साहू, अमन राव सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मंच पर उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में प्रीतेश गांधी ने कहा कि आज भारत में खेलों को लेकर जो माहौल बना है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों का परिणाम है। देश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं और ऐसे स्थानीय आयोजन उस दिशा में मजबूत आधार तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि धमतरी में इस तरह का आयोजन युवाओं को नई प्रेरणा देगा और खेल के क्षेत्र में उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा।
पं. राजेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, बल्कि उसे पहचानने और निखारने की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि खेल पखवाड़ा के माध्यम से युवाओं को एक बेहतर मंच देने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वे अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित कर सकें और भविष्य में बड़े स्तर पर पहचान बना सकें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में वे आगे भी इसी तरह सक्रिय रहेंगे।
इस अवसर पर राजेंद्र शर्मा और दयाराम साहू ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की और इसे शहर के लिए गौरवपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, युवा खिलाड़ी एवं नागरिक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से प्रकाश शर्मा, देवेंद्र मिश्रा, विकास शर्मा, लक्की डागा, नीलेश लुनिया, अखिलेश सोनकर, पिंटू यादव, कुलेश सोनी, कोमल सार्वा, ईश्वर सोनकर, खूबलाल ध्रुव, विनोद राव रणसिंह, परमेश्वर गोस्वामी, मुकेश शर्मा, सूरज शर्मा, चंद्रकला पटेल, सरिता यादव, प्राची सोनी, गायत्री सोनी, गोमती रजक एवं नेहा भट्टर सहित अनेक लोगों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम का संचालन योगेश रायचुरा एवं रघुवीर द्वारा प्रभावी रूप से किया गया, जबकि अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन न केवल खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ था, बल्कि धमतरी में खेल संस्कृति को सशक्त करने और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित हुआ।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button