छत्तीसगढ़

भारतमाला सड़क पर भीषण सड़क हादसा: खड़ी ट्रक से टकराई इको कार, एक की मौत, 6 गंभीर


धमतरी। जिले के दुगली थाना क्षेत्र अंतर्गत भारतमाला सड़क पर शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार इको कार खड़ी मेटाडोर से जा टकराई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पालगांव निवासी लोग इको कार (CG 04 QC 1236) में सवार होकर सेमलगांव से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चिंवरी-सांकरा के पास भारतमाला रोड पर खड़े मेटाडोर से कार जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे में फलेंद्र मंडावी (25 वर्ष), निवासी पालगांव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार अन्य 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल निजी वाहनों की मदद से धमतरी लाया गया, जहां तीन घायलों को श्रीराम अस्पताल और तीन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
108 एंबुलेंस सेवा पर उठे सवाल
घटना को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में आक्रोश देखा गया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज साक्षी ने बताया कि हादसा रात करीब 1 बजे हुआ, लेकिन 2 बजे तक भी 108 एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच पाई। कई बार संपर्क करने के बावजूद सहायता नहीं मिली, जिससे घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए समाजसेवी सन्नी छाजेड़ और ओमी जैन ने तत्काल मौके पर पहुंचकर अपने निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, वहीं मृतक को नगरी पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
व्यवस्था पर सवाल, सुधार की मांग
घटना के बाद लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि आपातकालीन सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि ऐसी घटनाओं में लोगों की जान बचाई जा सके।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button