छत्तीसगढ़

महावीर इंटरनेशनल एपेक्स की दो दिवसीय भव्य कार्यशाला एवं सम्मान समारोह सम्पन्न


धमतरी (प्रखर)श्री नाकोड़ा जी तीर्थ। महावीर इंटरनेशनल एपेक्स द्वारा दो दिवसीय कार्यशाला, सम्मान समारोह एवं गवर्निंग कौंसिल बैठक का भव्य आयोजन 4 व 5 अप्रैल को श्री नाकोड़ा जी तीर्थ स्थित राज रिसोर्ट में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में देशभर से आए पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगठन की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्य न्यायाधीश (झारखंड उच्च न्यायालय) जस्टिस प्रकाश टाटिया उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता एवं वैश्विक वक्ता श्रीमती रूमा देवी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
दो दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न सत्रों में संगठन की वर्तमान गतिविधियों, भविष्य की योजनाओं तथा सामाजिक सेवा के नए आयामों पर विस्तार से चर्चा की गई। गवर्निंग कौंसिल बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जो संगठन की आगामी कार्ययोजना को दिशा प्रदान करेंगे।
छत्तीसगढ़ जोन से जोन चेयरमैन ज्ञानचंद लूनावत एवं नवगठित धमतरी इकाई की अध्यक्षा वीरा नीलू लूनावत की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने संगठन की मजबूती और विस्तार पर अपने विचार रखे।
रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समां बांध दिया। गायक कलाकार पीयूष पंवार एवं शैली जैन ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं लंगा पार्टी द्वारा प्रस्तुत कालबेलिया नृत्य ने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर अनिल जैन एवं महासचिव सोहनलाल वैद्य ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने और ऐसे आयोजनों के माध्यम से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
सम्पूर्ण आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक रहा, जिसने समाज सेवा के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button