छत्तीसगढ़

हाफलांग विधानसभा में महिला कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, सैकड़ों महिलाओं का भाजपा छोड़ कांग्रेस में प्रवेश, डोर-टू-डोर अभियान को मिली धार


धमतरी – हाफलांग असम अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देशानुसार हाफलांग विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देते हुए राष्ट्रीय सचिव सुमिता मिश्रा एवं राष्ट्रीय पर्यवेक्षक सूर्य प्रभा चेट्टियार ने अपने प्रभार क्षेत्र का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा चुनावी रणनीति को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया।
अपने प्रवास के दौरान दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नंदिता गोरलोसा (पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस प्रत्याशी, हाफलांग) से राजीव भवन, डिमा हसाओ जिला कांग्रेस कार्यालय में मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण बैठक में आगामी चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई, जिसमें विशेष रूप से डोर-टू-डोर कैंपेन को मजबूत करने, महिला मतदाताओं तक सीधा संवाद स्थापित करने और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक के बाद महिला कांग्रेस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बस्तियों—मोलहोई, लोड़ी, होलवेन, नौतन बस्ती, तुलाराम बस्ती, सिंगीया, अपर बारगेटर बस्ती, बाबरी बस्ती, कसमयापुर, डिमालिक राजी, पीओपीएस विलेज, मोदीतेला मुस्लिम बस्ती, शांतिपुर लोअर हाफलांग, रोबोनाला पार्ट-1, बमन बस्ती और माडिया टोला—में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर कांग्रेस की रीति-नीति, जनकल्याणकारी योजनाओं और चुनावी घोषणा पत्र की जानकारी दी गई।
ब्लॉक मैं-बांग के साप्ताहिक हाट बाजार में भी कांग्रेस प्रत्याशी नंदिता गोरलोसा के नेतृत्व में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस के प्रति समर्थन व्यक्त किया। इस जनसंपर्क अभियान ने क्षेत्र में कांग्रेस के प्रति बढ़ते विश्वास को स्पष्ट रूप से दर्शाया।
कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम भी देखने को मिला, जब भाजपा की लगभग 650 महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह सदस्यता अभियान कांग्रेस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है और इससे संगठन को जमीनी स्तर पर नई मजबूती मिलने की संभावना है।
महिला कांग्रेस कार्यकारिणी हाफलांग के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही गोरखा, गढ़वाली, नेपाली, शांगखोल, जीनू इंगा समुदाय एवं आदिवासी वर्ग के लोगों को संविधान के अनुच्छेद 244A के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे क्षेत्रीय स्वायत्तता एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ सके।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्तर के इन पर्यवेक्षकों ने पूर्व में हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार एवं असम जैसे राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन किया है। साथ ही छत्तीसगढ़ लोकसभा चुनाव 2023 में कवर्धा क्षेत्र के पर्यवेक्षक के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।
सम्पूर्ण दौरे के दौरान महिला कांग्रेस के नेताओं ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया और यह संदेश दिया कि संगठन एकजुट होकर जनता के बीच मजबूती से खड़ा है। हाफलांग विधानसभा में इस सक्रियता को कांग्रेस के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, जिससे आगामी चुनाव में पार्टी को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button