छत्तीसगढ़

गांव चलो–घर चलो अभियान’ का आगाज, ग्राम देवरी में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित


धमतरी। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल के अवसर पर जिले में ‘गांव चलो–घर चलो अभियान’ की शुरुआत की गई। यह अभियान 12 अप्रैल तक विभिन्न ग्रामों में चलाया जा रहा है, जिसके तहत जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी गांव-गांव पहुंचकर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं और हितग्राहियों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं।
इसी कड़ी में ग्राम देवरी में जिला महामंत्री राकेश साहू के नेतृत्व में सघन जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों और लाभार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और निराकरण का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यह अभियान सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, जिससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।
अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और शिकायत निवारण की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में समाज प्रमुखों का सम्मान भी किया गया, जिसमें विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों को शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत आयोजित चावल उत्सव में भी भाग लेकर लाभार्थियों से संवाद किया गया।
इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू द्वारा दी गई।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button