छत्तीसगढ़

घरेलू विवाद का भयावह अंजाम: पति ने पत्नी को मारकर खुद भी लगाई फांसी

बच्चों के सिर से उठा माता पिता का साया

कोंडागांव। कोंडागांव जिले के सिटी कोतवाली थाना इलाके से दर्दनाक घटना में पति पत्नी दोनों की मौत हो गई। आपसी विवाद के चलते हुई इस घटना में दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। माता-पिता की अचानक हुई मौत ने पूरे गांव को दहला दिया है। स्थानीय लोग बच्चों के भविष्य को लेकर गहरी चिंता व्यक्त कर रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, कोकोडी गांव का दंपति किसी काम से बनियागांव गया हुआ था। गुरुवार की रात वापस लौटते समय बल्लारी नाला के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि स्थिति बेहद गंभीर हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान पति धनेश्वर ने आवेश में आकर अपनी पत्नी सुखबती नेताम पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। चोटें इतनी गहरी थीं कि सुखबती की मौके पर ही मौत हो गई। इसके तुरंत बाद पति धनेश्वर ने भी फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में मातम जैसा माहौल बन गया।

दंपति की मौत की खबर फैलते ही कोंडागांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर विवाद के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है ताकि पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सके।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button