छत्तीसगढ़

धमतरी में महिलाओं का दम, क्रिकेट मैदान बना आत्मविश्वास का उत्सव

महिलाओं को मिला मंच, पं. राजेश शर्मा की पहल से खिला क्रिकेट का रंग

धमतरी। शहर में आयोजित महिला क्रिकेट प्रतियोगिता आत्मविश्वास और सपनों का उत्सव बनकर सामने आई। खेल पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में शहर की महिलाओं और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने शानदार खेल प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया।
इस विशेष आयोजन में शक्ति इलेवन, जय श्रीराम, जय श्री श्याम और ड्रीम इलेवन टीमों ने भाग लिया। 50 से अधिक महिला खिलाड़ियों ने मैदान में उतरकर क्रिकेट के प्रति अपने जुनून और प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान चौके-छक्कों की गूंज और खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें मंच देने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और खेल के क्षेत्र में भी पीछे नहीं हैं।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों और खिलाड़ियों ने प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके गीतों को याद करते हुए उनके योगदान को सराहा। कार्यक्रम के दौरान भावनात्मक माहौल भी देखने को मिला।
पंडित राजेश शर्मा ने आगे कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन लगातार किए जाएंगे, जिससे महिला खिलाड़ियों को बेहतर मंच, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ें और अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग करें।
इस आयोजन में योगेश रायचुरा रखवीर बघेल, सोनी साहू, विकास शर्मा, लक्की डागा,बिरजू पटेल, पिंटू यादव, सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता ने यह साबित कर दिया कि अगर अवसर मिले तो महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं। यह आयोजन न केवल खेल को बढ़ावा देने वाला रहा, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और अपने सपनों को साकार करने की नई प्रेरणा भी दे गया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button