छत्तीसगढ़

अंबेडकर जयंती पूर्व संध्या पर दानीटोला में स्वच्छता अभियान, भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिया स्वच्छता और समरसता का संदेश



धमतरी। भारत रत्न भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के पूर्व दिवस पर दानीटोला वार्ड स्थित उनकी प्रतिमा प्रांगण में भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल द्वारा व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता निभाते हुए परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके द्वारा दिए गए सामाजिक समरसता, समानता और अधिकारों के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने देश को संविधान के रूप में जो दिशा दी, वह आज भी समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर बौद्ध समाज के प्रमुख पालनहार मेश्राम, ज्ञानी राम रामटेके, हेमंत रामटेक सहित अन्य समाजजनों की उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पार्षद अज्जू देशलहरे, विजय साहू, नील पटेल, हेमंत चंद्राकर, अशोक सिन्हा, ज्ञानीराम, राजू पटेल, तोमन भारद्वाज, हेमंत रामटेक सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज में स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है, जिसे हर नागरिक को अपनाना चाहिए। साथ ही, बाबा साहब के विचारों को जीवन में उतारकर सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया गया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button