छत्तीसगढ़

आईपीएल सट्टा रैकेट पर धमतरी पुलिस का बड़ा प्रहार, कुरूद में ऑनलाइन नेटवर्क का भंडाफोड़


दो आरोपी गिरफ्तार, पांच लाख से अधिक की संपत्ति जब्त


धमतरी(प्रखर)जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना कुरूद पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बीएसएनएल कार्यालय कुरूद के पास दो व्यक्ति मोबाइल एप के माध्यम से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी अपने मोबाइल फोन में BLISSEXCH नामक ऑनलाइन एप के माध्यम से रुपये की हार-जीत का दांव लगाते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, एक आईफोन, 20 हजार 500 रुपये नगद तथा एक सफेद रंग की अर्टिका कार (क्रमांक CG-05 AP-8457) जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 5 लाख 5 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा बीएनएस की धारा 112 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में जीवन यादव (40 वर्ष) निवासी पुराना बस स्टैंड कुरूद तथा कौशल साहू (31 वर्ष) निवासी कारगिल चौक कुरूद शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पूर्व से ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और उनके खिलाफ थाना कुरूद में पहले भी कई प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि जीवन यादव के विरुद्ध जुआ एक्ट सहित धमकी और मारपीट से संबंधित कई मामले दर्ज हैं, जबकि कौशल साहू के खिलाफ भी पूर्व में जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हो चुका है। दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड का विस्तृत संकलन कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने सिहावा चौक में दबिश देकर पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया था, जिनके कब्जे से 83 हजार रुपये नगद जब्त किए गए थे। इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र में छह अन्य मामलों में भी सट्टा खिलाते पाए गए छह व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई कर कुल 1 लाख 39 हजार 660 रुपये जब्त किए गए थे।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button