भाजपा उम्मीदवार के घर के बाहर फायरिंग, टीएमसी समर्थकों पर बम फेंकने का आरोप, सीआईएसएफ जवान घायल

भाजपा उम्मीदवार के घर के बाहर फायरिंग, टीएमसी समर्थकों पर बम फेंकने का आरोप, सीआईएसएफ जवान घायल
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान संभावित हिंसा को देखते हुए चुनाव आयोग ने राज्य में दो लाख से अधिक केंद्रीय बलों की तैनाती की है। इसके बावजूद असामाजिक तत्वों की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार देर रात उत्तर 24 परगना जिला की भाटपारा सीट से भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार पवन सिंह के आवास के बाहर गोलीबारी की घटना सामने आई। इस हमले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और भारतीय जनता पार्टी तथा ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए हैं।
घटना के बाद से इलाके में तनाव
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की यह घटना रविवार रात हुई। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब एक दिन बाद ही बंगाल में दूसरे चरण के लिए मतदान होना है। घायल जवान की पहचान योगेश शर्मा के रूप में हुई है, जो भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह की सुरक्षा में तैनात थे। पवन सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह के बेटे हैं। पुलिस ने बताया कि योगेश शर्मा के पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टीएमसी कार्यकर्ताओं पर बम फेंकने का आरोप
इसके बाद पवन सिंह के आवास के पास फिर तनाव बढ़ गया, जहां देसी बम फेंके जाने और कम से कम एक राउंड फायरिंग होने का दावा किया गया। एक स्थानीय टीएमसी नेता ने आरोप लगाया, ‘हमारे कार्यकर्ता पर हमला हुआ। जब हम शिकायत दर्ज कराने गए, तब हम पर भी हमला किया गया। हमें लगा कि थाना सबसे सुरक्षित जगह होगी, लेकिन हमारी यह धारणा भी टूट गई। वहीं भाजपा ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसके समर्थकों को निशाना बनाया गया। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि टीएमसी समर्थित असामाजिक तत्वों की फायरिंग में सीआईएसएफ जवान घायल हुआ। हालांकि टीएमसी ने इस आरोप को खारिज करते हुए पलटवार किया कि हिंसा के लिए भाजपा जिम्मेदार है। फिलहाल तनाव की स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
टीएमसी कार्यकर्ता रफीकुल इस्लाम के घर से 79 देसी बम बरामद
भांगर। पश्चिम बंगाल के भांगुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता के घर से 79 देसी बम बरामद किए गए हैं। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया है। गृह मंत्रालय के आदेशानुसार, एनआईए ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में पुलिस ने रविवार को एक व्यक्ति के आवास से 79 देसी बम बरामद किए, जो कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का कार्यकर्ता है। विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर रफीकुल इस्लाम के घर पर तलाशी अभियान के दौरान विस्फोटक सामग्री जब्त की गई। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल पुलिस को बम बनाने वालों को गिरफ्तार करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। अभियान जारी है। बम बनाने से जुड़े मामलों समेत ऐसे सभी मामलों की जांच एनआईए करेगी।


