राष्ट्रीय

मोबाइल में तेज अलार्म के साथ बजा एनडीएमए अलर्ट एसएमएस

घबराएं नहीं सरकार टेस्ट कर रही नया डिजास्टर वार्निंग सिस्टम

नई दिल्ली। अगर आपका और आसपास के लोगों का फोन अचानक एक साथ बज उठे, तो घबराने की जरूरत नहीं है—यह किसी खतरे का संकेत नहीं, बल्कि एक अहम तैयारी का हिस्सा है। दरअसल, भारत सरकार और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) देशभर में नई सेल ब्रॉडकास्ट आपदा चेतावनी प्रणाली का परीक्षण कर रहे हैं। इस आधुनिक सिस्टम के जरिए भूकंप, सुनामी, बिजली गिरने या गैस लीक जैसी आपात स्थितियों में मोबाइल फोन पर सीधे अलर्ट भेजे जा सकेंगे। इसका मकसद है खतरे से पहले चेतावनी, ताकि समय रहते लोग सुरक्षित कदम उठा सकें। एनडीएमए ने कहा है कि ये संदेश सिर्फ परीक्षण का हिस्सा हैं और लोगों को किसी तरह की कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है।

भारत सरकार ने देशभर में मोबाइल आधारित आपदा चेतावनी प्रणाली का परीक्षण शुरू कर दिया है। यह परीक्षण नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (एनडीएमए) की ओर से किया जा रहा है। इस दौरान कई लोगों के मोबाइल पर फ्लैश एसएमएस और तेज अलार्म के साथ चेतावनी संदेश पहुंच रहे हैं, जिससे कई यूजर्स घबरा भी गए हैं। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि ये सिर्फ सिस्टम टेस्टिंग का हिस्सा है।

यह एक हाईटेक आपातकालीन चेतावनी प्रणाली है, जिसके जरिए सरकार किसी भी आपदा या खतरे की स्थिति में सीधे मोबाइल फोन पर अलर्ट भेज सकेगी। इसका इस्तमाल भूकंप, सुनामी, बिजली गिरना, बाढ़, गैस लीक और रासायनिक खतरे समेत अन्य मानव-निर्मित आपात स्थितियां में किया जा सकेगा।जिन यूजर्स के फोन पर यह मैसेज जाएगा, उनके मोबाइल फोन पर तेज सायरन जैसी आवाज करेगा, फिर स्क्रीन पर फ्लैश मैसेज दिखेगा। यूजर को तत्काल चेतावनी भी मिलेगी। ये प्रणाली खासतौर पर प्रभावित क्षेत्र के लोगों तक तुरंत सूचना पहुंचाने के लिए तैयार की गई है।
सरकार के अनुसार ये अलर्ट स्वदेशी इंटेग्रेटेड अलर्ट सिस्टम सचेत के जरिए भेजे जाएंगे। इसे सी-डॉट (सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ़ टेलीमैटिक्स) ने विकसित किया है। यह सिस्टम कॉमन अलर्टिंग प्रोटोकॉल पर आधारित है, जिसकी सिफारिश इंटरनेशनल टेलीकम्यूनिकेशन यूनियन ने की है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button