राष्ट्रीय
विदेश यात्रा पर नहीं लगेगा टैक्स, प्रधानमंत्री मोदी ने किया ट्वीट

विदेश यात्रा पर नहीं लगेगा टैक्स, प्रधानमंत्री मोदी ने किया ट्वीट
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उन खबरों को खारिज कर दिया जिनमें दावा किया गया था कि पश्चिम एशिया में संकट के कारण तेल की कीमतों में उछाल के मद्देनजर सरकार विदेशी यात्रा पर टैक्स लगाने पर विचार कर रही है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, जिसमें पीएम ने बताया, “यह सरासर झूठ है। इसमें जरा भी सच्चाई नहीं है। विदेशी यात्रा पर इस तरह के प्रतिबंध लगाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। हम अपने लोगों के लिए ‘व्यापार करने में आसानी’ और ‘जीवन जीने में आसानी’ को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
एक समाचार चैनल की रिपोर्ट में विदेश यात्रा पर टैक्स, सेस या सरचार्ज लगाए जाने को लेकर बड़ा दावा दिया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इन खबरों को रिट्वीट कर इसे पूरी तरह गलत बता दिया। पीएम मोदी की तरफ से यह साफ कर दिया गया कि विदेश यात्रा को हतोत्साहित करने या उस पर अतिरिक्त बोझ डालने की कोई योजना नहीं है। इस रिपोर्ट में कहा गया था कि विदेश यात्रा पर टैक्स या प्रतिबंध लगाने का यह प्रस्ताव काफी चर्चा में है और इसे कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, आयात लागत और युद्ध से जुड़े आर्थिक दबाव को संभालने के लिए अस्थायी रूप से लागू किया जा सकता है। इसके साथ ही इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि यह टैक्स एक साल के लिए लगाया जा सकता है और इससे मिलने वाली राशि सीधे केंद्र सरकार के खाते में जाएगी। हालांकि, वित्त मंत्रालय की ओर से इस रिपोर्ट को लेकर उस समय कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। लेकिन पीएम मोदी ने इस मामले में खुद सामने आकर इसकी जानकारी दी कि सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है, ये रिपोर्ट सरासर झूठ है।



