राष्ट्रीय

राज्यसभा की 24 सीटों पर चुनाव की तारीखों का एलान, 10 राज्यों में खाली हुई सीटें

18 जून 2026 को होगा मतदान

नई दिल्ली। देश के 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को इसकी तारीखों का ऐलान करते हुए बताया कि मतदान 18 जून 2026 को होगा। आयोग की घोषणा के बाद संबंधित राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिन राज्यों में राज्यसभा चुनाव होने हैं, उनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, कर्नाटक, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम शामिल हैं। इनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में सबसे अधिक चार-चार सीटों पर मतदान कराया जाएगा।

चुनाव आयोग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राज्यसभा से 21 जून से 19 जुलाई तक अलग-अलग तारीखों पर 10 राज्यों के वर्तमान सांसद सेवानिवृत्त हो रहे हैं। राज्यसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में चार-चार सीटों, मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों, झारखंड में दो सीटों और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक सीट पर होंगे।

राज्यसभा से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, दिग्विजय सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवोगौड़ा जैसे प्रमुख नेता सेवानिवृत्त होंगे। राजस्थान से राजेंद्र गहलोत, नीरज डांगी और रवनीत सिंह की सीटें भी खाली होने जा रही हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 1 जून को अधिसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।

चुनाव आयोग ने जारी किए विशेष निर्देश

राज्यसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराया गया बैंगनी रंग का विशेष स्केच पेन ही मान्य होगा। किसी अन्य पेन के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी जाएगी। निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति की जाएगी।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button