छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में गर्मी और हीटवेव का कहर

छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में गर्मी और हीटवेव का कहर
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का प्रकोप लगातार जारी है। नौतपा के दूसरे दिन राज्य के 8 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राजधानी रायपुर में बुधवार को भी ग्रीष्म लहर जारी रहने के आसार हैं, जिससे लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम विभाग ने नागरिकों को दिन के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। राज्य में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजधानी रायपुर में पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा बिलासपुर में 44.5 डिग्री, दुर्ग में 44.7 डिग्री, अंबिकापुर में 42.4 डिग्री, जगदलपुर में 42 डिग्री और पेंड्रारोड में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है। हालांकि इसके बाद तापमान में करीब 3 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान जताया गया है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो अंबिकापुर में 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 29 मई से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, जिसके तहत कई जिलों में मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है।



