राष्ट्रीय

मालवीय नगर अग्निकांड पर होटल मालिक का बेहूदा जवाब, कहा दिल्ली में सब चलता है

मालवीय नगर अग्निकांड पर होटल मालिक का बेहूदा जवाब, कहा दिल्ली में सब चलता है

नई दिल्ली। दिल्ली में हुए मालवीय नगर अग्निकांड के बाद होटल के मालिक लवकेश बजाज ने पूछताछ में चौकाने वाले जवाब दिए हैं। दिल्ली पुलिस की पूछताछ में लवकेश बजाज ने कबूल किया है कि उसने होटल के कमरों की संख्या इसलिए बढ़ाई क्यों कि कमाई अच्छी हो रही थी और दिल्ली में सब चलता है। लवकेश बजाज ने पुलिस को बताया कि उसने दमकल विभाग से एनओसी नहीं ली थी। दिल्ली पुलिस आज लवकेश बजाज को कोर्ट में पेश करके रिमांड मांगेगी। आरोपी लवकेश बजाज ने बताया है कि हादसा होते ही वह मौके से फरार हो गया था। वह डर के कारण भाग गया था। इसी वजह से वह घर भी नहीं गया और सडक़ों पर घूमता रहा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने करीब तीन साल पहले अहलूवालिया नामक पक्ष से यह इमारत खरीदी थी। उसके अनुसार, पहले इस भवन में खादी की दुकान संचालित होती थी। उसने दावा किया कि भवन खरीदते समय इसकी स्थिति काफी जर्जर थी, जिसके बाद इसमें बदलाव कर गेस्ट हाउस और होटल का संचालन शुरू किया गया। आरोपी का यह भी कहना है कि उसने बीएनबी (बेड एंड ब्रेकफास्ट), टूरिस्ट और हेल्थ रेस्टोरेंट संबंधी आवश्यक अनुमतियां ली थीं। हालांकि, दिल्ली पुलिस उसके दावों की सत्यता की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को दोपहर करीब दो बजे अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस तीन से चार दिन की रिमांड मांग सकती है।

अग्निकांड में 21 लोगों की हुई मौत

मालवीय नगर स्थित होटल में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में 12 विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। जांच में सामने आया है कि होटल में प्रवेश और निकास के लिए केवल एक ही रास्ता था। इसके अलावा खिड़कियां स्थायी रूप से बंद थीं और मुख्य द्वार सेंसर आधारित प्रणाली से संचालित होता था। अधिकारियों का मानना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण इमारत हादसे के दौरान मौत के जाल में तब्दील हो गई। घटना के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली के जिलाधिकारी से विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button