राज्यसभा नामांकन विवाद: मीनाक्षी नटराजन की याचिका पर कल सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट

राज्यसभा नामांकन विवाद: मीनाक्षी नटराजन की याचिका पर कल सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की उस याचिका पर सुनवाई करेगा, जिसमें उन्होंने अपने राज्यसभा नामांकन पत्र को खारिज किए जाने को चुनौती दी है। न्यायमूर्ति पी.के. मिश्रा और न्यायमूर्ति अतुल एस. चंदुरकर की पीठ ने मामले की तत्काल सुनवाई की मांग पर सहमति जताते हुए इसे शुक्रवार के लिए सूचीबद्ध कर दिया है।
मीनाक्षी नटराजन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने अदालत में पक्ष रखते हुए कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर ने गलत आधार पर उनका नामांकन खारिज किया है। उन्होंने दलील दी कि जिस मामले का उल्लेख किया जा रहा है, उसमें केवल समन जारी हुआ था और अदालत द्वारा अभी तक संज्ञान भी नहीं लिया गया था। इसके बावजूद लंबित आपराधिक मामले की जानकारी छिपाने का आरोप लगाकर नामांकन निरस्त कर दिया गया।
याचिका में रिटर्निंग ऑफिसर के फैसले को अवैध, मनमाना और पक्षपातपूर्ण बताते हुए नामांकन खारिज करने के आदेश को तत्काल रद्द करने की मांग की गई है। सिंघवी ने अदालत से अंतरिम राहत देने का भी अनुरोध किया।
हालांकि, सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव याचिका (इलेक्शन पिटीशन) दायर करना सामान्य कानूनी उपाय होता है। इसके बावजूद अदालत ने मामले की तात्कालिकता को देखते हुए सुनवाई के लिए सहमति दे दी।
इस बीच, मीनाक्षी नटराजन ने चुनाव आयोग पर भरोसा जताया है। चुनाव आयोग कार्यालय से बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि आयोग ने उनकी बात सुनी है और उनके वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने पूरे मामले को विस्तार से रखा है। उन्होंने कहा कि उन्हें संवैधानिक संस्थाओं पर पूरा विश्वास है और वे अपनी कानूनी लड़ाई आगे भी जारी रखेंगी।
गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 18 जून को प्रस्तावित है, ऐसे में इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।



