पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा, 24 जुलाई को मतदान

पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा, 24 जुलाई को मतदान
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। आयोग के अनुसार इन सीटों पर 24 जुलाई 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 7 जुलाई को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई तय की गई है, जबकि 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 17 जुलाई तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया 27 जुलाई तक संपन्न कर ली जाएगी।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस में लगातार राजनीतिक हलचल देखने को मिली है। पार्टी के तीन राज्यसभा सांसदों ने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दिया है। इनमें 8 जून को वरिष्ठ सांसद शुखेंदु शेखर रॉय, 10 जून को सुष्मिता देव (निजी कारणों का हवाला देते हुए) और 11 जून को प्रकाश चिक बराइक शामिल हैं। इन सांसदों का कार्यकाल क्रमश: 18 अगस्त 2029 और 2 अप्रैल 2030 तक था। तीनों इस्तीफों के बाद खाली हुई सीटों पर अब उपचुनाव कराए जा रहे हैं।
गुजरात के मंझलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा
चुनाव आयोग ने सोमवार को गुजरात की मंझलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही चुनावी प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। यह सीट भाजपा के आठ बार के विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद 2 जून को खाली हुई थी।
बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया सीटों पर भी उपचुनाव
चुनाव आयोग ने यह अधिसूचना जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की संबंधित धाराओं के तहत जारी की है। आयोग के सचिव बिनोद कुमार ने चुनाव कार्यक्रम को अधिसूचित किया। मंझलपुर उपचुनाव देश में हो रहे तीन विधानसभा उपचुनावों में शामिल है। अन्य दो उपचुनाव बिहार की बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीटों पर होंगे। वडोदरा जिले की मंझलपुर सीट पर भाजपा का मजबूत आधार रहा है। ऐसे में राजनीतिक दलों की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा के साथ यह मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है।



