पुरी में विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथयात्रा शुरू, लाखों श्रद्धालु बने आस्था के महापर्व के साक्षी

पुरी में विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथयात्रा शुरू, लाखों श्रद्धालु बने आस्था के महापर्व के साक्षी
पुरी। ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ शुरू हो गई। सनातन परंपरा के इस महापर्व में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पुरी पहुंचे हैं, जो महाप्रभु के दर्शन और रथयात्रा के साक्षी बन रहे हैं। रथयात्रा से पहले मंदिर प्रशासन ने सभी पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न कराए। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा को उनके भव्य एवं सुसज्जित रथों पर विराजमान किया गया। तीनों विशाल रथ पुरी की ऐतिहासिक ग्रैंड रोड (बड़ा डांडा) पर तैयार खड़े हैं, जहां से भक्तों की मौजूदगी में रथयात्रा प्रारंभ हुई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस पावन अवसर पर सभी के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
हर वर्ष आयोजित होने वाली यह रथयात्रा दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल मानी जाती है। मान्यता है कि इस दिन भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ श्री गुंडिचा मंदिर की यात्रा पर निकलते हैं। रथ की रस्सी खींचने को श्रद्धालु अत्यंत पुण्यदायी मानते हैं, इसलिए लाखों भक्त इस अवसर का इंतजार पूरे वर्ष करते हैं। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल और रथयात्रा मार्ग पर करीब 14 हजार सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में एनएसजी, सीआरपीएफ, बीएसएफ और आरएएफ के जवान भी शामिल हैं। पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन और एंटी-ड्रोन सिस्टम के जरिए की जा रही है, जबकि सीसीटीवी कैमरों से भी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।



