रफ्तार, बारिश और फिसलन… संतोषी नगर ओवरब्रिज पर पलटा ट्रक दो टुकड़ों में बंटा

रफ्तार, बारिश और फिसलन… संतोषी नगर ओवरब्रिज पर पलटा ट्रक दो टुकड़ों में बंटा
रायपुर। राजधानी रायपुर के संतोषी नगर ओवरब्रिज पर शुक्रवार को एक बड़ा सडक़ हादसा सामने आया। तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर ब्रिज पर पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक के दो टुकड़े हो गए और उसका मलबा सडक़ पर काफी दूर तक फैल गया। ट्रक पलटने के बाद ओवरब्रिज पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। सडक़ पर ट्रक के टूटे हिस्से और बिखरे सामान के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने मोर्चा संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाने का काम शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय बारिश हो रही थी और सडक़ पर फिसलन थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ट्रक हटाने के बाद ओवरब्रिज पर यातायात सामान्य करने की कवायद जारी रही।



