सनातन अपमान मामला : पप्पू यादव के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत दर्ज

संसद परिसर में साधु के वेश में प्रदर्शन पर विवाद, पुलिस ने शुरू की जांच
नई दिल्ली। निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के खिलाफ जहांगीरपुरी थाने में धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत सूर्य मैथिल नामक व्यक्ति ने दर्ज कराई है। आरोप लगाया गया है कि संसद परिसर में पप्पू यादव द्वारा किए गए विरोध-प्रदर्शन की शैली और विषय-वस्तु से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत में पप्पू यादव के प्रदर्शन को आपत्तिजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में पहुंचे थे
दरअसल, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव शुक्रवार को भगवा वस्त्र पहनकर संसद परिसर पहुंचे थे। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के आरोपों और छात्रों के संसद मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान संसद के मकर द्वार की सीढिय़ों के सामने दान पेटियां रखी गई थीं। पप्पू यादव साधु के वेश में इन पेटियों के साथ बैठे और एक नाटकीय प्रस्तुति के जरिए कथित चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोपों को दर्शाने का प्रयास किया।



