तृषा कृष्णन पर टिप्पणी बनी मुसीबत, पूर्व डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन हिरासत में

चेन्नई। द्रमुक नेता और तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन को अभिनेत्री तृषा कृष्णन पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके की ओर से पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) में शिकायत दर्ज कराने के बाद की गई। टीवीके की तंजावुर केंद्रीय जिला महिला विंग की संयोजक एस. बैरवी ने तंजावुर पूर्व पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पार्टी ने इस मामले की शिकायत राष्ट्रीय महिला आयोग से भी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आवास पर बढ़ाई गई सुरक्षा
उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लेने से पहले उनके आवास पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। दरअसल, विवादित टिप्पणी के विरोध में टीवीके कार्यकर्ताओं ने उनके आवास का घेराव करने का ऐलान किया था, जिसके मद्देनजर एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई।
वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि कावेरी जल विवाद को लेकर तंजावुर में आयोजित एक रैली के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की आलोचना करते हुए भाषण दिया। इसी दौरान भीड़ से अभिनेत्री तृषा का नाम लेकर नारे लगाए गए। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उदयनिधि की टिप्पणी को अभिनेत्री तृषा और मुख्यमंत्री विजय से जुड़ी कथित अटकलों से जोडक़र देखा गया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया।


